futuredछत्तीसगढ

मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय साइबर जागरूकता अभियान की शुरुआत की, SBI साइबर सतर्कता रथ को किया रवाना

रायपुर, 16 अगस्त 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर से SBI साइबर सतर्कता रथ (ऑडियो-वीडियो वैन) को झंडी दिखाकर रवाना किया और राज्य स्तरीय साइबर जागरूकता अभियान की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक ने मानव जीवन को आसान और सहज बनाया है। डिजिटल लेन-देन तेज और सुविधाजनक हुए हैं, लेकिन इसके साथ साइबर ठगी जैसी चुनौतियां भी बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सतर्कता और सावधानी से लोग साइबर धोखाधड़ी से बच सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि यह जागरूकता अभियान लोगों में साइबर सुरक्षा की समझ बढ़ाने का एक प्रभावी प्रयास है। अभियान के तहत ऑडियो-वीडियो संदेश, नुक्कड़ नाटक और कठपुतली नाटक के माध्यम से लोगों को साइबर धोखाधड़ी के बारे में जानकारी दी जाएगी। प्रदेश में 29 ऐसे हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जहां साइबर ठगी के मामले अधिक होते हैं, और इस रथ का विशेष फोकस उन स्थानों पर रहेगा।

See also  लाल किले से मोदी का ऐलान: सुरक्षा, रोजगार और ‘डबल दिवाली’ से विकसित भारत का संकल्प

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, पासवर्ड या ओटीपी किसी से साझा न करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगने की कोशिश करते हैं। थोड़ी सी लापरवाही मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकती है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करना और साइबर अपराध से सुरक्षित रखना है।

डिजिटल माध्यम से हो रही धोखाधड़ी और अनाधिकृत लेन-देन की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने राज्यव्यापी साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान शुरू किया है। यह अभियान 15 अगस्त से 30 नवंबर 2025 तक चलेगा। रथ प्रदेश के सभी 33 जिलों में जाएगा और नाचा दल व नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को साइबर ठगी के तरीकों और उससे बचने के उपायों की जानकारी देगा।

SBI के अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई जा सकती है। इस अवसर पर SBI के डीजीएम राकेश सिन्हा, एजीएम दीपक कुमार सिन्हा सहित वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

See also  छत्तीसगढ़ में लोकनाट्य, रासलीला और श्रीकृष्ण भक्ति की सांस्कृतिक परंपरा : जनमाष्टमी विशेष