futuredछत्तीसगढताजा खबरें

रायपुर रेल मंडल में 30 मार्च से 11 अप्रैल तक ट्रैफिक ब्लॉक, कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनें रद्द

छत्तीसगढ़ के रायपुर रेल मंडल से जुड़े यात्रियों को आने वाले दिनों में यात्रा के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर स्थित अकलतरा रेलवे स्टेशन में चौथी लाइन कनेक्टिविटी और यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य शुरू किया जा रहा है, जिसके चलते कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।

रेलवे प्रशासन ने इस कार्य के लिए 30 मार्च से 11 अप्रैल तक ट्रैफिक ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है। इस दौरान रायपुर से आने-जाने वाली कई महत्वपूर्ण मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसका सीधा असर उन हजारों दैनिक यात्रियों पर पड़ेगा, जो नौकरी या व्यवसाय के सिलसिले में रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और रायगढ़ के बीच नियमित रूप से सफर करते हैं।

विशेष रूप से रायपुर-कोरबा और रायपुर-गेवरा रोड के बीच चलने वाली मेमू सेवाएं इस अवधि में पूरी तरह बंद रहेंगी। इसके अलावा बिलासपुर से रायगढ़ और कोरबा के बीच संचालित होने वाली मेमू ट्रेनों का संचालन भी 11 दिनों तक ठप रहेगा।

See also  बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026 का आयोजन, खेल-पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

हालांकि, यात्रियों को आंशिक राहत देने के लिए रेलवे ने हसदेव एक्सप्रेस में अस्थायी बदलाव किया है। 31 मार्च से 11 अप्रैल तक यह ट्रेन कोरबा और बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलेगी और छोटे-छोटे स्टेशनों पर भी रुकेगी, जिससे स्थानीय यात्रियों को कुछ सुविधा मिल सके।

रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में रायपुर-कोरबा पैसेंजर, कोरबा-रायपुर पैसेंजर, रायपुर-गेवरा रोड मेमू और गेवरा रोड-रायपुर मेमू शामिल हैं। वहीं गोंदिया-झारसुगुड़ा पैसेंजर को आंशिक रूप से रद्द करते हुए बिलासपुर तक ही सीमित कर दिया गया है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।