futuredछत्तीसगढताजा खबरें

रायपुर हत्याकांड का मुख्य आरोपी 5 साल बाद गिरफ्तार, सुपारी किलिंग की साजिश से जुड़ा चौंकाने वाला खुलासा

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में वर्ष 2021 में हुए चर्चित हत्याकांड के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को आखिरकार पुलिस ने पांच साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने पकड़ा है और उसे जल्द ही रायपुर पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी अजयकुमार उर्फ लक्ष्मीसागर उर्फ किमतीश्री राजनारायण मिश्रा इस मामले में लंबे समय से फरार था। जांच में सामने आया है कि मृतका शकुंतला देवी और उनके छोटे बेटे ने पारिवारिक संपत्ति विवाद के चलते बड़े बेटे की हत्या के लिए आरोपी को सुपारी दी थी।

सुपारी किलिंग की साजिश बनी हत्या की वजह

जानकारी के मुताबिक, आरोपी को 4 लाख रुपये में हत्या की जिम्मेदारी दी गई थी, जिसमें से 1 लाख रुपये एडवांस भी दिया गया था। हालांकि, आरोपी ने काम पूरा नहीं किया और अपने गृह नगर भाग गया। बाद में जब उस पर दबाव बढ़ा तो उसने घटना को अंजाम देने का झांसा दिया।

यह भी पढ़ें  लुंड्रा में 280 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया लोकार्पण-शिलान्यास

योजना बदली, बन गई लूट और हत्या

कुछ महीनों बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ रायपुर पहुंचा। उस समय घर में महिला अकेली थी। मौके का फायदा उठाते हुए दोनों ने अपनी योजना बदल दी और लूटपाट का इरादा बना लिया। अगली सुबह महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई और घर से करीब 10 लाख रुपये नकद तथा बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए।

पहचान छुपाने के लिए अपनाए कई तरीके

पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने मोबाइल फोन और सरकारी पहचान पत्रों का इस्तेमाल बंद कर दिया था। वह लगातार शहर बदलता रहा और अलग-अलग नामों से रहकर खुद को छिपाता रहा। बताया जा रहा है कि वह गोवा, अहमदाबाद और मुंबई जैसे शहरों में रह चुका है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है। यह गिरफ्तारी लंबे समय से लंबित इस हत्याकांड में एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें  अंबिकापुर में चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया नमन