रीवा-रायपुर हवाई सेवा से बढ़ेगी कनेक्टिविटी, विकास को मिलेगा नया गति: उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल
मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे। इस दौरान वे विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और औपचारिक कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।
रायपुर आगमन के बाद उन्होंने वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे क्वींस क्लब में आयोजित एक सम्मान समारोह में शामिल हुए, जहां विंध्य समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया।
इस मौके पर श्री शुक्ल ने रीवा-रायपुर के बीच शुरू हुई हवाई सेवा को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि बेहतर परिवहन व्यवस्था किसी भी क्षेत्र की प्रगति की नींव होती है। पहले ही रीवा से दिल्ली और इंदौर के लिए उड़ान सेवाएं शुरू हो चुकी हैं, जिससे व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़े हैं।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि रीवा से दुर्ग तक रेल सेवा शुरू करने के लिए प्रयास जारी हैं, जिससे दोनों राज्यों के बीच संपर्क और मजबूत होगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह नई हवाई सेवा दोनों राज्यों के बीच न केवल दूरी कम करेगी, बल्कि आपसी संबंधों को भी और प्रगाढ़ बनाएगी। वहीं, विधायक श्री किरण सिंहदेव ने इसे क्षेत्रीय विकास के लिए अहम पहल बताया।
अपने प्रवास के अगले दिन उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात करेंगे और अन्य कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। इसके अलावा वे स्थानीय नागरिकों से मिलकर क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
इस दौरे को दोनों राज्यों के बीच सहयोग और कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

