futuredताजा खबरें

रायगढ़ में बोर्ड परीक्षा केंद्राध्यक्ष नियुक्ति पर विवाद, प्राचार्यों की जगह व्याख्याताओं की ड्यूटी

रायगढ़, 18 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा के लिए रायगढ़ जिले में केंद्राध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। रायगढ़ विकासखंड के तिलगा, नटवर और तारापुर स्कूलों में पहले प्राचार्यों की ड्यूटी केंद्राध्यक्ष के रूप में लगाई गई थी, लेकिन बाद में उन्हें हटाकर जूनियर व्याख्याताओं को केंद्राध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया।

माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव द्वारा जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि यदि पर्याप्त संख्या में प्राचार्य उपलब्ध हों तो केंद्राध्यक्ष के रूप में उनकी ही नियुक्ति की जानी चाहिए। इसके बावजूद संबंधित केंद्रों पर प्राचार्यों के स्थान पर व्याख्याताओं की ड्यूटी लगाए जाने से सवाल उठ रहे हैं।

तारापुर परीक्षा केंद्र में भी एक व्याख्याता को केंद्राध्यक्ष बनाया गया है, जबकि प्राचार्य उपलब्ध बताए जा रहे हैं। इस बदलाव को लेकर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लग रहा है।

परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संबंधित केंद्रों पर पुनः प्राचार्यों की नियुक्ति किए जाने की मांग की जा रही है। मंडल के सचिव से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की अपील की गई है।

See also  जनगणना-2027 राष्ट्र निर्माण की आधारशिला, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए सटीकता के निर्देश