रायगढ़ में अवैध अफीम खेती पर बड़ी कार्रवाई, 72 घंटे में तीन जगहों पर छापेमारी
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बीते 72 घंटों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत तमनार, लैलूंगा और आसपास के इलाकों में अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया गया है।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने ड्रोन सर्वे और मुखबिर की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। तमनार क्षेत्र के आमाघाट में सब्जी की खेती की आड़ में बड़े पैमाने पर अफीम उगाई जा रही थी। यहां से करीब 60 हजार से अधिक पौधे बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में झारखंड निवासी एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
इसके अलावा लैलूंगा विकासखंड के नवीन घटगांव और मुड़ागांव में भी अवैध खेती के मामले सामने आए हैं। यहां खेतों और घरों से अफीम के पौधे और सूखी फसल जब्त की गई। कुछ आरोपियों ने साक्ष्य नष्ट करने की कोशिश भी की, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।
प्रशासन ने पूरे जिले में ड्रोन के जरिए सघन निगरानी अभियान चलाया है, जिससे दुर्गम क्षेत्रों में भी अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की खेती गंभीर अपराध है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और नारकोटिक्स एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

