प्रधानमंत्री ने संसद में बस्तर के बदलते स्वरूप को सराहा
रायपुर, 5 फरवरी 2026/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज संसद में अपने उद्बोधन के दौरान छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि जो बस्तर कभी आकांक्षी जिला माना जाता था, आज वह पूरे देश में “बस्तर ओलंपिक” के नाम से जाना जा रहा है। विकास की धारा अब बस्तर के गांव-गांव तक पहुंच रही है। कई ऐसे गांव हैं, जहां पहली बार बस सेवा शुरू हुई और पूरे गांव ने इसे उत्सव की तरह मनाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा भी था, जब कुछ जिलों को पिछड़ा मानकर छोड़ दिया गया था। वहां रहने वाले करोड़ों लोगों की मौलिक आवश्यकताओं तक को नकार दिया गया था और उन्हें उसी अवस्था में जीवन जीने के लिए मजबूर कर दिया गया। विकास के अभाव ने हालात को और खराब कर दिया था। स्थिति यहां तक पहुंच गई थी कि ऐसे जिलों को ‘पनिशमेंट पोस्टिंग’ के लिए उपयुक्त मान लिया गया, जिससे वहां की प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक कमजोर होती चली गई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस सोच और संस्कृति को बदला गया। यह निर्णय लिया गया कि पिछड़े क्षेत्रों में योग्य, युवा और होनहार अधिकारियों को तैनात किया जाएगा और उन्हें तीन वर्ष का पर्याप्त समय दिया जाएगा, ताकि वे स्वतंत्र रूप से कार्य कर सकें। एक के बाद एक ठोस निर्णय लिए गए और आज उनके सकारात्मक परिणाम पूरे देश के सामने हैं।
प्रधानमंत्री के वक्तव्य पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर क्षेत्र छत्तीसगढ़ का सौभाग्य है। यह क्षेत्र प्राकृतिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है और इसे धरती का स्वर्ग कहा जा सकता है। यहां अनेक सुंदर जलप्रपात हैं, कुटुमसर जैसी विश्वविख्यात गुफा है, विशाल अबूझमाड़ का जंगल है और धुड़मारास गांव को विश्व पर्यटन संस्था द्वारा विश्व के 20 सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्रामों में स्थान मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग चार दशकों तक नक्सलवाद के कारण बस्तर का विकास बाधित रहा, जबकि क्षेत्रफल की दृष्टि से बस्तर केरल राज्य से भी बड़ा है। अब स्थिति तेजी से बदल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, स्पष्ट नीति और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस के कारण बस्तर में नक्सलवाद समाप्ति की ओर है और विकास ने नई गति पकड़ी है।
उन्होंने कहा कि इसी विश्वास और उत्साह का परिणाम है कि बस्तर ओलंपिक का आयोजन पिछले वर्ष से किया जा रहा है। पिछले वर्ष इसमें 1 करोड़ 65 लाख युवाओं की भागीदारी रही, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 3 करोड़ 91 लाख तक पहुंच गई है। इसी तरह बस्तर पंडुम का आयोजन भी पिछले वर्ष किया गया और इस वर्ष भी निरंतरता के साथ आयोजित हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम का शुभारंभ 7 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के करकमलों से होगा, जबकि समापन 9 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी कई बार बस्तर और बस्तर ओलंपिक का उल्लेख किया जाना पूरे छत्तीसगढ़, विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर अब भय और पिछड़ेपन की पहचान नहीं, बल्कि विश्वास, विकास और संभावनाओं का प्रतीक बन रहा है। यह परिवर्तन इस बात का प्रमाण है कि यदि नीति, नीयत और नेतृत्व सही हो, तो दशकों की उपेक्षा को भी बदला जा सकता है।
