पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त 13 मार्च को जारी, छत्तीसगढ़ के 24.71 लाख किसानों को मिलेगा लाभ
रायपुर, 12 मार्च 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मार्च को असम के गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देश के करीब 9.32 करोड़ किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त के रूप में 18,650 करोड़ रुपये हस्तांतरित करेंगे। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ के 24 लाख 71 हजार 498 किसानों के खातों में 498.83 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे।
योजना के अंतर्गत प्रदेश के 2 लाख 92 हजार वन पट्टाधारी और 37 हजार 400 विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) के किसानों को भी लाभ मिलेगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से छत्तीसगढ़ के लाखों किसान और जनप्रतिनिधि राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद कृषि महाविद्यालय, जोरा से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पीएम किसान उत्सव के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में किसान बैठकों का आयोजन किया जाएगा और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान सीधे जुड़ सकें।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में पहली किस्त जारी होने के साथ हुई थी। योजना प्रारंभ होने से अब तक प्रदेश के किसानों को कुल 11,283 करोड़ 09 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। राज्य में 2 लाख 92 हजार वन पट्टाधारी और 37 हजार 400 विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति के किसानों का पंजीयन कर उन्हें भी लाभान्वित किया जा रहा है।
विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति के किसानों को योजना का लाभ देने के लिए कृषि भूमि की अनिवार्यता में शिथिलता दी गई है। योजनांतर्गत एकल एवं संयुक्त खाता धारक किसान परिवार, जिनके नाम भू-अभिलेख में दर्ज हैं, वन अधिकार पट्टाधारी किसान तथा विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति के किसान लाभ पाने के पात्र हैं।
कृषि विभाग के अनुसार, यह योजना दिसंबर 2018 से लागू है और भारत सरकार द्वारा शत-प्रतिशत वित्त पोषित है। इसके तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है, जो 2-2 हजार रुपये की तीन समान किश्तों में प्रत्येक चार माह के अंतराल पर डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में हस्तांतरित की जाती है।
