पीएम किसान योजना की 22वीं किश्त जारी, छत्तीसगढ़ के 24.71 लाख किसानों को 498.83 करोड़ रुपये मिले
रायपुर, 13 मार्च 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम की राजधानी गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किश्त जारी की। इस दौरान देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में लगभग 18,640 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के 24 लाख 71 हजार किसानों के खातों में 498.83 करोड़ रुपये अंतरित किए गए।
राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि राशि अंतरण एवं पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन प्रदेश के किसान भाइयों और बहनों के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को हर वर्ष तीन किश्तों में कुल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो किसानों के परिश्रम और योगदान के सम्मान का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ के किसानों को अब तक इस योजना के तहत 11,283 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है। राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार गठन के बाद सबसे पहले किसानों को बोनस राशि प्रदान की गई और 13 लाख किसानों के खातों में 3,716 करोड़ रुपये अंतरित किए गए।
मुख्य बिंदु
-
छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है जहां प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है।
-
किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है।
-
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया गया।
-
कृषक उन्नति योजना के तहत 25 लाख से अधिक किसानों को 10,324 करोड़ रुपये होली से पहले अंतरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो-कुटकी, रागी और कपास जैसी फसलों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सिंचाई के लिए कृषि पंपों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके लिए इस वर्ष के बजट में 5,500 करोड़ रुपये का प्रावधान है। जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए 40 करोड़ रुपये और खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए दो वर्षों में 10,000 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाएं शुरू की गई हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए बड़ी सहायता साबित हो रही है। उन्होंने किसानों से धान के साथ अन्य फसलों की खेती की ओर भी ध्यान देने की अपील की, जिससे जल संरक्षण और आय वृद्धि दोनों संभव हो सके।
कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, कृषि विभाग के संचालक राहुल देव, छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम के एमडी अजय अग्रवाल, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
