पेट्रोल-डीजल और गैस आपूर्ति को लेकर मुख्यमंत्री की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में पेट्रोलियम पदार्थों और रसोई गैस की उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अहम बैठक की। बैठक में सभी संभागों के कमिश्नर, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) और जिला कलेक्टर शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडरों की आपूर्ति एवं स्टॉक की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य में इन आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान परिस्थितियों का फायदा उठाकर कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रशासन को निर्देश दिए गए कि ऐसी गतिविधियों पर नजर रखी जाए और दोषियों पर तुरंत कड़ी कार्रवाई हो।
बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. बसवराजु एस, कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार, ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले और उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के पेट्रोलियम और गैस डिवीजन के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रहे।

