futuredताजा खबरें

पलारी क्षेत्र के कृषि सेवा केंद्रों का निरीक्षण, अनियमितताओं पर कई केंद्रों को नोटिस जारी

बलौदाबाजार, 1 अगस्त 2025। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार पलारी अनुविभाग में संचालित कृषि सेवा केंद्रों की सघन जांच की गई। यह कार्रवाई एसडीएम दीपक निकुंज के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिसमें कई केंद्रों पर नियमों के उल्लंघन पाए गए। निरीक्षण के दौरान तीन केंद्रों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।

एसडीएम दीपक निकुंज एवं उर्वरक निरीक्षक सुचिन वर्मा ने प्राथमिक कृषि साखकारी समिति रोहांसी और जे.के. ट्रेडर्स रोहांसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उर्वरकों के भंडारण और वितरण में कई खामियाँ मिलीं, जिसके आधार पर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए।

ग्राम कोदवा में वर्मा कृषि सेवा केंद्र एवं डीएस कृषि सेवा केंद्र का निरीक्षण किया गया। इन दोनों केंद्रों पर न तो उर्वरक स्टॉक और मूल्य सूची प्रदर्शित थी और न ही स्टॉक पंजी का समुचित संधारण किया गया था। इसके चलते दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

उपसंचालक कृषि दीपक नायक एवं कसडोल के विकासखंड उर्वरक निरीक्षक धनेश्वर साय ने ग्राम कटगी स्थित देवांगन कृषि केंद्र पर छापामार कार्रवाई की। निरीक्षण में पाया गया कि वहां बिना वैध दस्तावेजों के जैव उत्पाद (बायो प्रोडक्ट) का भंडारण किया जा रहा था। इस पर तत्काल प्रभाव से उपलब्ध स्टॉक का विक्रय प्रतिबंधित कर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

See also  छत्तीसगढ़ी लोक साहित्य संरक्षक पंडित अमृतलाल दुबे

इसी क्रम में बलौदाबाजार विकासखंड के निरीक्षक लोकनाथ दीवान ने ग्राम लाहोद में महादेव एजेंसी एंड खाद का निरीक्षण किया। यहां पर भी उर्वरक स्टॉक एवं दर सूची प्रदर्शित नहीं थी तथा कालातीत दवाओं का उचित संधारण नहीं किया गया था, जिस पर संबंधित एजेंसी को कारण बताओ नोटिस दिया गया।

इसके अतिरिक्त लाहोद के फसल स्वास्थ्य केंद्र एवं रमेश कृषि केंद्र का भी निरीक्षण किया गया, जहां किसानों को बिल नहीं दिए जाने की शिकायत पाई गई। इन दोनों केंद्रों को भी नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि उर्वरक विक्रेताओं को नियमों का पूर्णतः पालन करना होगा। भविष्य में भी निरीक्षण की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी और लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

रुपेश वर्मा, अर्जुनी