futuredछत्तीसगढ

नारी सम्मान और राष्ट्रीय संकल्प का नाम है ऑपरेशन सिन्दूर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, 15 जुलाई 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा में ऑपरेशन सिन्दूर के सफल संचालन पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और रणनीतिक कौशल की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह मिशन न केवल एक सैन्य कार्रवाई था, बल्कि यह भारत की शक्ति, संकल्प और वैश्विक नेतृत्व क्षमता का जीवंत प्रतीक बनकर सामने आया है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री को इस अभियान की सफलता हेतु आभार प्रकट किया।

विधानसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर ने यह साबित कर दिया कि भारत अब ऐसा राष्ट्र बन चुका है, जो अपने नागरिकों की सुरक्षा हेतु किसी भी सीमा तक जाने में सक्षम है। यह ऑपरेशन केवल कूटनीतिक या सैन्य सफलता नहीं, बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन के केंद्र में यदि कोई निर्णायक शक्ति रही है, तो वह है प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सक्रिय भागीदारी और स्पष्ट निर्णय क्षमता।

See also  भारत–यूरोपीय यूनियन मुक्त व्यापार समझौता: साझा समृद्धि की ओर ऐतिहासिक कदम

मुख्यमंत्री ने कहा कि “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना के अनुरूप भारत न केवल अपने नागरिकों की, बल्कि सम्पूर्ण मानवता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। मोदी के नेतृत्व में भारत ने बार-बार यह प्रमाणित किया है कि वह वैश्विक संकटों में मूकदर्शक नहीं, बल्कि सक्रिय संकट-निवारक की भूमिका में है। ऑपरेशन गंगा, ऑपरेशन कावेरी, ऑपरेशन देवी शक्ति और अब ऑपरेशन सिन्दूर इसके उदाहरण हैं।

मुख्यमंत्री ने पहलगाम की वीभत्स घटना का स्मरण करते हुए कहा कि इस हमले में छत्तीसगढ़ के सपूत दिनेश मिरानिया ने अपने प्राण गवाए। उन्होंने कहा कि “मैंने स्वयं उनके परिवार की पीड़ा को देखा है। उनकी पत्नी ने अपनी आँखों के सामने अपना सुहाग उजड़ते देखा — यह पीड़ा किसी भी संवेदनशील मनुष्य को झकझोर सकती है।” उन्होंने आतंकियों द्वारा धार्मिक पहचान के आधार पर हत्या किए जाने की कड़ी निंदा की और कहा कि “यह केवल हत्या नहीं थी, यह सम्पूर्ण मानवता पर हमला था।”

See also  अब राजस्व सेवाएँ एक क्लिक दूर : भुइयां व्हाट्सऐप चैटबॉट और ऑटो-डाइवर्ज़न सुविधा का हुआ शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इस बात का पूरा ध्यान रखा कि पाकिस्तान के आम नागरिकों को क्षति न पहुँचे। उन्होंने कहा, “हमारी नीति स्पष्ट है — भारत किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन छेड़ने वालों को छोड़ता भी नहीं।” ऑपरेशन सिन्दूर के माध्यम से भारत ने यह संदेश दिया कि हर एक बूँद रक्त का हिसाब लिया जाएगा। आतंकवाद को शह देने वाले देशों को भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बेनकाब कर दिया है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि आतंकवाद के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने हेतु प्रधानमंत्री द्वारा सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों को विदेशों में भेजा गया, जो भारतीय लोकतंत्र की ताकत और “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना का आदर्श उदाहरण है। यह प्रयास भारत की विदेश नीति में दृढ़ता और नैतिक बल का परिचायक है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मुझे गर्व है कि मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में काम कर रहा हूं। उनके नेतृत्व में संकल्प, समन्वय और संवेदनशीलता का अद्भुत संगम देखने को मिला है। रक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि ऑपरेशन सिन्दूर जैसी कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।” यह ऑपरेशन अब 140 करोड़ भारतीयों की एकजुटता और राष्ट्रीय अखंडता का प्रतीक बन गया है।

See also  माओवाद एक विनाशकारी विचारधारा, देश को इससे मुक्त होना होगा: अमित शाह

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर केवल आतंकवाद विरोधी कार्रवाई नहीं, बल्कि यह नारी सम्मान और शक्ति का भी प्रतीक है। यह मिशन मातृशक्ति को समर्पित एक ऐतिहासिक सैन्य-संकल्प है, जिसे भारतवर्ष सदैव गर्व के साथ स्मरण करेगा।