उत्तर कोरिया ने दागीं कई बैलिस्टिक मिसाइलें, कोरियाई प्रायद्वीप में बढ़ा तनाव
उत्तर कोरिया ने रविवार सुबह समुद्र की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण किया। दक्षिण कोरिया की सेना ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि मिसाइलें उत्तर कोरिया की राजधानी क्षेत्र से पूर्वी समुद्री क्षेत्र की दिशा में दागी गईं।
दक्षिण कोरिया के संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 7:50 बजे इन मिसाइलों के प्रक्षेपण का पता चला। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मिसाइलों ने कितनी दूरी तय की। सेना ने कहा कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और अमेरिका तथा जापान के साथ सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है।
जापान के रक्षा मंत्रालय ने भी उत्तर कोरिया द्वारा संदिग्ध मिसाइल परीक्षण की पुष्टि की है। फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर कोरिया आगामी वर्कर्स पार्टी कांग्रेस से पहले अपनी सैन्य क्षमता और हथियारों की उपलब्धियों का प्रदर्शन करने के उद्देश्य से लगातार हथियार परीक्षण कर रहा है। यह सम्मेलन करीब पांच वर्षों के बाद आयोजित होने जा रहा है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पर्यवेक्षकों के अनुसार, इस कांग्रेस में अमेरिका के साथ संबंधों और रुकी हुई परमाणु वार्ताओं को लेकर उत्तर कोरिया की नई रणनीति सामने आ सकती है। हालांकि अभी तक इस बैठक की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसियों का अनुमान है कि यह सम्मेलन जनवरी या फरवरी के आसपास हो सकता है।
इस बीच मिसाइल परीक्षण ऐसे समय हुआ है जब दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग चीन की चार दिवसीय यात्रा पर रवाना होने वाले हैं, जहां उनकी मुलाकात राष्ट्रपति शी चिनफिंग से प्रस्तावित है। इस दौरान दक्षिण कोरिया चीन से कोरियाई प्रायद्वीप में शांति बनाए रखने के लिए सकारात्मक भूमिका निभाने का आग्रह कर सकता है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में उत्तर कोरिया ने लंबी दूरी की रणनीतिक क्रूज मिसाइलों का भी परीक्षण करने का दावा किया था। इसके साथ ही देश ने अपने पहले परमाणु ऊर्जा से चलने वाली पनडुब्बी के निर्माण में प्रगति से जुड़ी तस्वीरें भी जारी की थीं।

