futuredखबर राज्यों सेताजा खबरें

नोएडा में मजदूरों का वेतन बढ़ाने को लेकर प्रदर्शन, कई इलाकों में बवाल और ट्रैफिक जाम

उत्तर प्रदेश के नोएडा में फैक्ट्री कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। लंबे समय से लंबित वेतन संशोधन की मांग को लेकर शुरू हुआ आंदोलन कुछ स्थानों पर हिंसक हो गया, जिससे कई इलाकों में तनाव का माहौल बन गया।

प्रदर्शन के कारण दिल्ली-नोएडा मार्गों पर भारी जाम लग गया और हजारों लोग घंटों ट्रैफिक में फंसे रहे। दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।

कई औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदर्शन

जानकारी के अनुसार सुबह बड़ी संख्या में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के कर्मचारी नोएडा फेज-2, सेक्टर 60, सेक्टर 62 और सेक्टर 84 समेत कई इलाकों में एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने वेतन संशोधन की मांग को लेकर नारेबाजी की और सड़कों पर उतर आए।

कुछ स्थानों पर कर्मचारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-9 को भी जाम कर दिया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।

हिंसा, आगजनी और पथराव की घटनाएं

पुलिस के मुताबिक कुछ क्षेत्रों में प्रदर्शन उग्र हो गया। फेज-2 और सेक्टर 60 इलाके में वाहनों में आग लगाने, तोड़फोड़ और पथराव की घटनाएं सामने आईं। इसके बाद प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया।

यह भी पढ़ें  सुप्रीम कोर्ट ने हटाए गए मतदाताओं को अंतरिम मतदान अधिकार देने से किया इनकार

मजदूरों ने बताई परेशानी

प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा वेतन पर्याप्त नहीं है। एक महिला कर्मचारी ने कहा कि आठ घंटे काम के लिए 20 हजार रुपये मिलना चाहिए, लेकिन कई कंपनियां केवल 280 या 300 रुपये की मामूली बढ़ोतरी देती हैं, जबकि किराया और अन्य खर्च लगातार बढ़ रहे हैं।

एक अन्य महिला कर्मचारी ने बताया कि वह 12 घंटे काम करने के बाद भी केवल 13 हजार रुपये प्रतिमाह कमा रही है।

पुलिस और प्रशासन अलर्ट

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि सभी औद्योगिक क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि घटना के दौरान किसी तरह की फायरिंग नहीं हुई। अफवाह फैलाने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

सोशल मीडिया पर भी नजर

उत्तर प्रदेश पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन से जुड़ी भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में दो सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।

यह भी पढ़ें  महानदी जल विवाद ट्रिब्यूनल का कार्यकाल फिर बढ़ा, अब 13 जनवरी 2027 तक देगा अंतिम फैसला

ट्रैफिक व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य

दिल्ली पुलिस ने पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर चिल्ला बॉर्डर और नोएडा लिंक रोड पर यातायात प्रभावित होने की जानकारी दी थी। बाद में पुलिस ने बताया कि चिल्ला बॉर्डर को फिर से यातायात के लिए खोल दिया गया है।