futuredछत्तीसगढ

बालोद में प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का भव्य शुभारंभ, राज्यपाल रमेन डेका ने बताया एकता और भाईचारे का उत्सव

रायपुर, 09 जनवरी 2026/ जिला मुख्यालय बालोद के समीप ग्राम दुधली में आज प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का भव्य शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि जंबूरी केवल एक शिविर नहीं, बल्कि एकता, विविधता, भाईचारे और साझा उद्देश्यों का उत्सव है। यह आयोजन युवाओं को आपस में जोड़ने और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है।

उद्घाटन समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन, मुख्य राज्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के पदाधिकारी तथा देश के विभिन्न राज्यों से आए हजारों रोवर-रेंजर उपस्थित रहे।

राज्यपाल और अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा आकाश में गुब्बारे छोड़कर जंबूरी का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जंबूरी पत्रिका और नए बैज का भी विमोचन किया गया। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे समाज के लिए कम से कम एक सकारात्मक कार्य अवश्य करें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। देश में पहली बार आयोजित हो रही यह राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी पूरे राष्ट्र के लिए गर्व का विषय है।

See also  मनरेगा श्रमिक बन रहे कुशल राज मिस्त्री, सुकमा में आत्मनिर्भरता की नई कहानी

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि स्काउट-गाइड युवाओं को जीवन मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि रोवर-रेंजर वे युवा हैं, जो समाज, राष्ट्र और विश्व के लिए कुछ अच्छा करने का संकल्प रखते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए इस आयोजन को छत्तीसगढ़ और देश के युवाओं के लिए सौभाग्यपूर्ण अवसर बताया।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल ने स्वागत उद्बोधन में ग्राम दुधली में आयोजित इस प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी को ऐतिहासिक और अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। मुख्य राज्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के स्वर्णिम अध्याय में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इसके लिए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

उद्घाटन अवसर पर विभिन्न राज्यों से आए रोवर और रेंजरों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर राज्यपाल और अतिथियों को सलामी दी। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की बहुरंगी छटा बिखेरी गई। उल्लेखनीय है कि पांच दिवसीय इस जंबूरी में देश के सभी राज्यों के साथ रेलवे, नवोदय विद्यालय सहित कुल 33 राज्यों के प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। इस अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी मौजूद रहे।

See also  रायपुर में आईपीएल मैच के आयोजन का प्रस्ताव, RCB ने मुख्यमंत्री साय को सौंपी आधिकारिक जर्सी