बालोद में इतिहास रचेगा प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी, देश-विदेश से 15 हजार युवा होंगे शामिल
रायपुर, 08 जनवरी 2026/ बालोद जिले के लिए यह अत्यंत गौरव का अवसर है कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, नई दिल्ली के तत्वावधान में जिला मुख्यालय बालोद के समीप ग्राम दुधली में 09 से 13 जनवरी 2026 तक प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का वृहद और भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन देश में पहली बार हो रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ के 4,252 प्रतिभागियों सहित देश-विदेश से कुल लगभग 15,000 रोवर, रेंजर एवं सीनियर स्काउट-गाइड भाग लेंगे।
09 जनवरी को राज्यपाल करेंगे शुभारंभ
प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का शुभारंभ शुक्रवार 09 जनवरी 2026 को दोपहर 2 बजे राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल जैन करेंगे।
उद्घाटन समारोह में प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग तथा मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा विधायकगण, राज्य एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय व राज्य पदाधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि समारोह की गरिमा बढ़ाएंगे।
12 जनवरी को मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि
जंबूरी के समापन समारोह में 12 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन के विभिन्न दिनों में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित अनेक राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।
भारतीय और वैश्विक संस्कृति की रंगीन झलक
पांच दिवसीय जंबूरी के दौरान छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों और अन्य देशों से आए प्रतिभागियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ी संस्कृति, भारतीय परंपराओं और वैश्विक सांस्कृतिक विविधता की अनुपम झलक देखने को मिलेगी।
शैक्षणिक और रोमांचक गतिविधियों का आयोजन
जंबूरी में मार्च पास्ट, क्लोजिंग सेरेमनी, एथनिक फैशन शो, एडवेंचर एरिया, वॉटर स्पोर्ट्स, कैम्प फायर, रोड कैम्प फायर, राज्य प्रदर्शनी, आदिवासी कार्निवल, राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम, मास ट्री प्लांटेशन, आपदा प्रबंधन अभ्यास, बैंड प्रतियोगिता, युवा संसद, क्विज प्रतियोगिता, लोक नृत्य सहित अनेक शैक्षणिक, सांस्कृतिक और साहसिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य की पुख्ता व्यवस्था
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जंबूरी काउंसिल तथा जिला प्रशासन द्वारा आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। जंबूरी मार्केट में खाद्य सामग्री, दवाइयां और दैनिक उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी। शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, शौचालय और स्नानघर की व्यवस्था के साथ 30 बिस्तरों वाला अस्थायी अस्पताल, 24 घंटे चिकित्सकीय सुविधा, अग्निशमन, पुलिस, यातायात और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। एनडीआरएफ की विशेष टीम भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेगी।
राज्य और जिले के लिए ऐतिहासिक आयोजन
प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का आयोजन बालोद जिला ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे जिले की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी और युवाओं में नेतृत्व, सेवा भावना तथा राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को नई दिशा मिलेगी।
