futuredपॉजिटिव स्टोरी

नवलीन कौर: महासमुंद की तीरंदाज ने राष्ट्रीय खेलों में बनाई जगह, बनीं प्रदेश की प्रेरणा

रायपुर, 22 जुलाई 2025/ खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश के हर खिलाड़ी को उसकी मेहनत, लगन और क्षमता के अनुसार अवसर, संसाधन और मंच उपलब्ध कराया जाएगा। इसी कड़ी में उन्होंने महासमुंद जिले की नवोदित तीरंदाज नवलीन कौर को आगामी राष्ट्रीय खेलों में चयनित होने पर बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

मुख्यमंत्री ने नवलीन की सराहना करते हुए कहा कि नवलीन जैसी खिलाड़ी छत्तीसगढ़ के भविष्य की नींव हैं, और राज्य सरकार उन्हें खेल के हर स्तर पर संवारने और आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

नवलीन की कहानी प्रेरणादायक है — जन्म से ही स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं से जूझने के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी। गर्भावस्था के सातवें महीने में जन्मी नवलीन को प्रारंभिक वर्षों में लगातार स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा। परिवार, आस-पड़ोस और रिश्तेदार उनकी तबीयत को लेकर लगातार चिंतित रहते थे, जिससे वह कभी-कभी मानसिक रूप से परेशान भी होती थीं। लेकिन नवलीन ने इन परिस्थितियों को कमज़ोरी नहीं, बल्कि अपनी ताकत बना लिया।

See also  छत्तीसगढ़ बजट 2026-27: ‘संकल्प’ के साथ 1.72 लाख करोड़ का विजन, किसान–युवा–जनजातीय विकास पर बड़ा फोकस

वर्ष 2018 में उन्होंने बागबाहरा से करीब पांच किलोमीटर दूर बिहाझर बालाश्रम में तीरंदाजी का प्रशिक्षण लेना शुरू किया और महासमुंद जिले की पहली महिला तीरंदाज बनीं। अपने स्कूली समय में उन्होंने दो बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीते और एक बार राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता में चौथा स्थान प्राप्त किया।

वर्ष 2023 में नवलीन ने गुजरात में आयोजित एफजीएफआई राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य स्तरीय सीनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया।

नवलीन का सपना अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतना है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में “कंपाउंड बो” का उपयोग किया जाता है, जिसे उनके परिजनों ने उन्हें उपलब्ध कराया है। उन्होंने सिटी ओपन तीरंदाजी प्रतियोगिता में कंपाउंड राउंड बालिका वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया, जिससे उनकी नई शुरुआत और अधिक सशक्त हुई है।

वर्तमान में नवलीन कोच एवन साहू और खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे से तीरंदाजी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

See also  दया, प्रेम और समन्वय के प्रतीक संत दादू दयाल

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब क्रिकेट की लोकप्रियता चरम पर हो, उस दौर में कोई खिलाड़ी यदि तीरंदाजी जैसे विशिष्ट और पारंपरिक खेल में संघर्ष करके प्रदेश और देश के लिए पदक लाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तो यह न केवल सराहनीय है, बल्कि पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत भी है।

नवलीन कौर जैसी प्रतिभाएं छत्तीसगढ़ के नवजवानों को यह सिखाती हैं कि आत्मविश्वास, अनुशासन, मेहनत और समर्पण से कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता।