futuredछत्तीसगढ

नारायणपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का दो दिवसीय प्रवास: शांति, खेल और पर्यटन को मिला नया प्रोत्साहन

रायपुर, 31 जनवरी 2026। दो दिवसीय नारायणपुर प्रवास पर पहुँचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अबूझमाड़ क्षेत्र में आयोजित पीस हाफ मैराथन के शुभारंभ के साथ अनेक सामाजिक, खेल एवं पर्यटन गतिविधियों में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में शांति स्थापना, आजीविका संवर्धन और स्थानीय सहभागिता को बढ़ाने के लिए राज्य शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों का अवलोकन किया तथा लोगों से संवाद कर विश्वास और सहयोग की भावना को सुदृढ़ किया।

बाइकर्स को दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शांत सरोवर के समीप रायपुर के छत्तीसगढ़ राइडिंग क्लब के 40 बाइकर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बाइकर्स दल नारायणपुर के सुदूर पर्यटन स्थल कच्चापाल तक यात्रा करेगा। इस पहल का उद्देश्य अबूझमाड़ क्षेत्र को नजदीक से समझना और पूरे इलाके में शांति तथा सद्भाव का संदेश पहुँचाना है।

शांत सरोवर में नौका विहार

बिजली गाँव के पास स्थित शांत सरोवर में मुख्यमंत्री ने वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप तथा लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम के साथ नौका विहार का आनंद लिया। स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पहल जिला प्रशासन द्वारा आयोजित की गई, जिसे क्षेत्रवासियों ने सराहा।

See also  ट्रम्प की टैरिफ नीति से नुकसान अमेरिका को, फायदा शेष विश्व को

तीर-धनुष से साधा लक्ष्य

बिंजली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय तीरंदाजी खिलाड़ियों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने स्वयं तीर-धनुष उठाकर लक्ष्य साधा और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अंचल खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है। आदिवासी समाज की पारंपरिक दक्षताओं को आधुनिक प्रशिक्षण से जोड़कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों के साथ मिलकर क्षेत्र में शांति स्थापना, आजीविका संवर्धन, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और विश्वास का वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया, सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।