futuredछत्तीसगढ

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना: सरगुजा के सुदूर गांवों में आसान हुआ सफर, शिक्षा और स्वास्थ्य को संबल

रायपुर, 03 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का उद्देश्य सुदूर और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को सुरक्षित, सुलभ और नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा संभाग के दूरस्थ गांवों को इस योजना के माध्यम से जिला मुख्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और रेलवे स्टेशनों से जोड़ा जा रहा है।

सरगुजा जिले में बादा से बरियों, चारपारा, ककना, सिधमा, अखोराखुर्द, रूखपुर, चिखलाडीह, नर्मदापारा, सरगवां होते हुए अंबिकापुर तक मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जिन इलाकों में कभी परिवहन एक बड़ी समस्या थी, वहां अब नियमित बस सेवा से विकास की नई गति दिखाई देने लगी है।

सुगम हुआ सफर, समय और सुरक्षा दोनों की बचत

शहरी स्वास्थ्य अस्पताल में कार्यरत परमानिया पैकरा बताती हैं कि इस मार्ग पर यह पहली नियमित बस सेवा है। पहले समय पर ड्यूटी पहुंचना और सुरक्षित घर लौटना हमेशा चिंता का विषय रहता था, लेकिन बस सेवा शुरू होने से अब आवागमन काफी आसान और सुरक्षित हो गया है।

See also  भारत विरोधी पोस्टर’ लगाने के आरोप में 6 बांग्लादेशी तमिलनाडु में गिरफ्तार

इसी तरह स्वास्थ्य कर्मी चंदा टोप्पो का कहना है कि बांदा क्षेत्र से आने-जाने के साधन पहले लगभग नहीं के बराबर थे। बस सेवा शुरू होने से उनका दैनिक जीवन और कार्य दोनों ही सहज हो गए हैं।

विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित हो रही योजना

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ने विद्यार्थियों के जीवन में भी बड़ा बदलाव लाया है। पुष्पेंद्र कॉलेज ऑफ नर्सिंग की फाइनल ईयर की छात्रा लक्ष्मी बताती हैं कि पहले बस पकड़ने के लिए काफी परेशान होना पड़ता था, लेकिन अब बस उनके घर के सामने से ही गुजरती है, जिससे पढ़ाई पर पूरा ध्यान दे पाती हैं।

पीजी कॉलेज की छात्रा निशा बताती हैं कि पहले उन्हें बस पकड़ने के लिए लगभग 5 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। अब सिधमा गांव से ही बस मिलने के कारण वे बिना किसी परेशानी के सीधे गांधी चौक तक पहुंच रही हैं।

पैदल और बाइक की मजबूरी से मिली राहत

सिधमा गांव के निवासी दिव्यांशु सिंह बताते हैं कि पहले बस सुविधा न होने के कारण रोजाना 5 किलोमीटर तक बाइक या पैदल सफर करना पड़ता था। अब गांव से ही बस चलने से वे समय पर स्कूल पहुंच पा रहे हैं और थकान भी नहीं होती।

See also  दुर्ग में परमहंस स्वामी प्रज्ञानानंद गिरि ने ‘पवनपुत्र टाइम्स’ के ‘मानस में बजट’ अंक का किया विमोचन

विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे सुदूर गांव

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना केवल परिवहन सेवा नहीं, बल्कि सुशासन और समावेशी विकास का भरोसा बनकर उभरी है। नियमित बस संचालन से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार तक ग्रामीणों की पहुंच आसान हुई है। इससे सुदूर वनांचल के गांव धीरे-धीरे शहरों की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।
सरगुजा की सड़कों पर दौड़ती मुख्यमंत्री ग्रामीण बसें आज प्रदेश की प्रगति और सामाजिक बदलाव की नई कहानी लिख रही हैं।