मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से बदली तस्वीर, दूरस्थ गांवों को मिली नई रफ्तार
छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और पहाड़ी गांवों में अब बदलाव साफ नजर आने लगा है। जहां कभी सार्वजनिक परिवहन की सुविधा नहीं थी, वहां अब बसों की आवाजाही ने ग्रामीण जीवन को नई दिशा दे दी है। गांव की सड़कों पर बस पहुंचते ही बच्चों की खुशी और लोगों की उत्सुकता इस बदलाव की कहानी खुद बयां करती है।
पहले ग्रामीणों को दूसरे गांव या शहर तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती थी या निजी साधनों का सहारा लेना पड़ता था। लेकिन अब मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत बस सेवाएं शुरू होने से आवागमन बेहद आसान हो गया है। इसका असर बच्चों की पढ़ाई से लेकर कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति तक हर क्षेत्र में देखने को मिल रहा है।
यह योजना मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल का हिस्सा है, जिसके जरिए ऐसे गांवों को जोड़ा जा रहा है, जहां पहले परिवहन की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं थी। अब इन इलाकों के लोग जिला मुख्यालय, विकासखंड और शहरों तक आसानी से पहुंच पा रहे हैं।
महिलाओं के लिए बड़ी राहत
जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के सन्ना गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता निकुंज बताती हैं कि पहले उन्हें अपने कार्यस्थल तक पहुंचने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता था। पहाड़ी रास्तों के कारण पैदल चलना या किसी वाहन से लिफ्ट लेना ही एकमात्र विकल्प था। अब बस सेवा शुरू होने से उनकी दैनिक यात्रा सरल और सुरक्षित हो गई है।
ग्रामीणों के जीवन में आया बदलाव
मरंगी गांव के दशरथ भगत बताते हैं कि पहले इस मार्ग पर कोई बस नहीं चलती थी, जिससे रोजमर्रा का सफर काफी कठिन होता था। अब बस सुविधा मिलने से वे आसानी से बगीचा आ-जा सकते हैं और समय की भी बचत होती है।
इसी तरह, मंगलराम जैसे कई ग्रामीणों के लिए भी यह योजना राहत लेकर आई है। जो लोग पहले बाजारों तक पहुंचने के लिए पैदल जाते थे, अब वे बस के जरिए कम समय में अपनी जरूरतें पूरी कर पा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ने न केवल यात्रा को सुगम बनाया है, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच को भी बेहतर किया है। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने और समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

