futuredछत्तीसगढ

छत्तीसगढ़ में लगेंगे 513 नए 4G टावर, नक्सल प्रभावित अंचलों में डिजिटल कनेक्टिविटी को मिलेगी नई मजबूती

रायपुर, 13 दिसंबर 2025/ डिजिटल भारत निधि के अंतर्गत केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ में बीएसएनएल के माध्यम से 513 नए 4G मोबाइल टावर स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहल नक्सल प्रभावित और दूरस्थ अंचलों में शांति, सुरक्षा और विकास के साझा प्रयासों का महत्वपूर्ण प्रतिफल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय नक्सल उन्मूलन की दिशा में चल रहे प्रभावी अभियानों को मजबूती प्रदान करता है। सुरक्षा बलों की सतत कार्रवाई और प्रशासनिक समन्वय से जिन क्षेत्रों में स्थायित्व स्थापित हुआ है, अब वहां विकास और डिजिटल कनेक्टिविटी का विस्तार सुनिश्चित किया जा रहा है। यह बदलाव यह दर्शाता है कि हिंसा के स्थान पर विकास और विश्वास की राह मजबूत हो रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 513 नए 4G मोबाइल टावरों की स्थापना से सुदूर और दुर्गम इलाकों में रहने वाली जनता को पहली बार सुलभ और भरोसेमंद मोबाइल एवं इंटरनेट सेवाएं मिलेंगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार के अवसरों, प्रशासनिक कार्यों और आपातकालीन संचार को नई मजबूती मिलेगी।

See also  सिंहगढ़ का युद्ध और तानाजी मालुसरे का अद्वितीय बलिदान

उन्होंने कहा कि डिजिटल कनेक्टिविटी का यह विस्तार वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में भी मील का पत्थर साबित होगा। मोबाइल नेटवर्क सशक्त होने से बैंकिंग सेवाएं, डीबीटी, यूपीआई, बीमा, पेंशन और अन्य डिजिटल सेवाएं आम नागरिकों तक सहज रूप से पहुंच सकेंगी। इससे ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के लोगों को मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था से जोड़ने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल “डिजिटल इंडिया” के उस मूल उद्देश्य को साकार करती है, जिसमें अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने का संकल्प निहित है। डिजिटल संपर्क बढ़ने से स्थानीय युवाओं को ऑनलाइन शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नक्सल प्रभावित राज्यों में सुरक्षा के साथ-साथ विकास को समान प्राथमिकता दे रही है। छत्तीसगढ़ सरकार भी इसी दृष्टि के अनुरूप केंद्र के साथ मिलकर राज्य के हर नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

See also  छत्तीसगढ़ में युवाओं के कौशल उन्नयन पर जोर, आईटीआई आधुनिकीकरण से बढ़ेंगे रोजगार अवसर

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय छत्तीसगढ़ को डिजिटल रूप से सशक्त, सुरक्षित और समावेशी बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।