futuredछत्तीसगढताजा खबरें

मार्च से मई तक कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित, यात्रियों को हो सकती है टिकट और भीड़ की परेशानी

शादी-ब्याह के मौसम और गर्मी की छुट्टियों के बीच रेल यात्रियों की परेशानियां बढ़ सकती हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और ईस्ट कोस्ट रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की परियोजनाओं के कारण मार्च से मई के बीच कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन के अनुसार इस दौरान कुछ ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, कुछ आंशिक रूप से रद्द की जाएंगी, जबकि कई ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस अवधि में ट्रेनों की संख्या कम होने से यात्रियों को भीड़ और कन्फर्म टिकट पाने में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

पुरी स्टेशन पर आधुनिकीकरण का काम

ओडिशा के पुरी स्टेशन पर प्लेटफार्म उन्नयन और आधुनिकीकरण कार्य चल रहा है। इस वजह से मार्च से मई के बीच कई लंबी दूरी की ट्रेनें पुरी स्टेशन तक नहीं जाएंगी। इन ट्रेनों का संचालन पुरी से पहले के स्टेशनों से किया जाएगा।

See also  पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची विवाद, 60 लाख से अधिक नामों की जांच में अब तक सिर्फ 10.82% मामलों का निपटारा

लोकमान्य तिलक टर्मिनस, गांधीधाम और वलसाड से आने-जाने वाली कुछ एक्सप्रेस ट्रेनें अब पुरी के बजाय साक्षी गोपाल स्टेशन से चलाई जाएंगी। वहीं इंदौर-पुरी और पुरी-श्री गंगानगर एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत और समापन बीरपुरुषोतमपुर स्टेशन से होगा।

गोंदिया स्टेशन पर निर्माण कार्य

नागपुर रेल मंडल के अंतर्गत गोंदिया स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-4 पर वाशेबल एप्रन निर्माण का कार्य तीन मई से 24 मई तक किया जाएगा। इस कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।

टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस 24 मई तक रद्द रहेगी, जबकि रायपुर-इतवारी पैसेंजर 23 मई तक नहीं चलेगी। इसके अलावा गोंदिया-डोंगरगढ़, गोंदिया-इतवारी और इतवारी-बालाघाट ट्रेनों का संचालन भी इस अवधि में बंद रहेगा।

कुछ ट्रेनों का बदला मार्ग

गोंदिया में निर्माण कार्य के चलते कुछ ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है। रीवा-इतवारी-रीवा एक्सप्रेस मई में तय तिथियों पर गोंदिया के बजाय जबलपुर, नैनपुर और बालाघाट के रास्ते चलाई जाएगी।

बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस दो मई से 23 मई तक दुर्ग और गोंदिया के बीच रद्द रहेगी। वहीं मुंबई-गोंदिया एक्सप्रेस अंजनी और गोंदिया के बीच नहीं चलेगी।

See also  ईरानी जहाज को कोच्चि में डॉकिंग की अनुमति पर बोले एस. जयशंकर, कहा—मानवीय आधार पर लिया गया फैसला

जबलपुर-गोंदिया पैसेंजर के साथ ही तिरोड़ी और कटंगी की मेमू और डेमू सेवाएं भी गोंदिया से बिरसोला के बीच रद्द रहेंगी। इन ट्रेनों का संचालन केवल बिरसोला तक ही सीमित रहेगा।

अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन का काम

बिलासपुर-झारसुगुड़ा रेलखंड के अकलतरा स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग और चौथी लाइन को जोड़ने का कार्य किया जाएगा। यह कार्य 30 मार्च से 11 अप्रैल तक चलेगा।

इस दौरान बिलासपुर-रायगढ़ मेमू, रायपुर-गेवरा रोड मेमू और रायपुर-कोरबा पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। वहीं गोंदिया-झारसुगुड़ा पैसेंजर ट्रेन बिलासपुर तक ही चलाई जाएगी।

यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोरबा और बिलासपुर के बीच चलने वाली हसदेव एक्सप्रेस को अस्थायी रूप से पैसेंजर ट्रेन के रूप में संचालित करने का फैसला किया है। इससे स्थानीय यात्रियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

हालांकि पीक सीजन के दौरान ट्रेनों की संख्या कम होने के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने और अग्रिम टिकट बुकिंग करने की सलाह दी गई है।

See also  ईरान युद्ध के बीच अमेरिका ने बदला रुख, भारत को रूसी तेल खरीदने के लिए दिया 30 दिन का समय