मन की बात की 132वीं कड़ी सुनकर सीएम साय बोले—जल संरक्षण में छत्तीसगढ़ बना राष्ट्रीय उदाहरण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात की 132वीं कड़ी सुनी। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम को देश में सकारात्मक सोच और जनभागीदारी को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया।
सीएम साय ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में हो रहे नवाचारों और प्रेरक प्रयासों को पहचान मिलती है, जिससे समाज में नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में जल संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रधानमंत्री द्वारा सराहना को प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘आवा पानी झोंकी’ जैसे स्थानीय प्रयासों ने जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने में अहम भूमिका निभाई है। किसानों द्वारा बनाए गए रिचार्ज तालाब और सोख्ता गड्ढों से न केवल वर्षा जल का संरक्षण हो रहा है, बल्कि भूजल स्तर में भी सुधार देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मॉडल अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जल संरक्षण को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाया गया है और छत्तीसगढ़ में भी इसे व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। सीएम ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे जल बचत को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।
कार्यक्रम में उठाए गए अन्य मुद्दों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मत्स्य उत्पादन, फिटनेस, शुगर सेवन में कमी और खेलों को बढ़ावा देने जैसे विषय समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। राज्य सरकार इन क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती और युवाओं को नए अवसर मिल सकें।
पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर प्रधानमंत्री के संदेश का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देश हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल, रसोई गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि जनभागीदारी के बल पर जल संरक्षण को और सशक्त बनाकर छत्तीसगढ़ को जल-संपन्न और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।
इस मौके पर विधायक पुरंदर मिश्रा, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार कृष्णा दास समेत कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

