futuredछत्तीसगढ

मकर संक्रांति पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अपील, चीनी मांझा पर सख्त प्रतिबंध का पालन जरूरी

रायपुर, 12 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों से पतंगों के इस उल्लासपूर्ण त्योहार को सुरक्षित, जिम्मेदार और पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान चीनी मांझा से होने वाली दुर्घटनाओं की खबरें अत्यंत चिंताजनक हैं, इसलिए इसका प्रयोग पूरी तरह वर्जित है।

मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि चीनी मांझा प्रतिबंधित है और इसका उपयोग न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि आम नागरिकों, राहगीरों और पक्षियों के लिए भी गंभीर खतरा बनता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देशित किया कि चीनी मांझा के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि नागरिकों को इसके खतरों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की पूरी जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक संभव है।

See also  गांधीजी का अंतिम अनशन, पचपन करोड़ और पीड़ित शरणार्थियों के घाव

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मकर संक्रांति के पावन अवसर पर परंपरा, आनंद और सुरक्षा—तीनों का संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि इस पर्व को हर्ष, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ मनाएं और सुरक्षित पतंगबाजी को बढ़ावा दें।