मैनपाट में अटल विहार योजना को मिली गति, पर्यटन–आवासीय विकास के लिए 12 एकड़ भूमि आवंटित
रायपुर, 16 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ के ‘शिमला’ नाम से प्रसिद्ध मैनपाट में पर्यटन सुविधाओं और आवासीय विकास को नई गति देने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सरकार ने मैनपाट में 4.80 हेक्टेयर (लगभग 12 एकड़) भूमि अटल विहार योजना के तहत छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को आवंटित की है।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि इस भूमि पर आधुनिक एवं बहुउपयोगी पर्यटन–आवासीय परिसर का निर्माण शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। प्राकृतिक परिवेश के अनुरूप विकसित होने वाली यह परियोजना मैनपाट आने वाले पर्यटकों को बेहतर, सुरक्षित और किफायती ठहराव उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के प्रयासों से संभव हुआ है। मैनपाट में लगातार बढ़ते पर्यटक आगमन को देखते हुए ऐसी सुविधाओं की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
प्रस्तावित परियोजना की प्रमुख विशेषताएं
-
केरल मॉडल पर आधारित वेलनेस सेंटर
-
प्राकृतिक पंचकर्म चिकित्सा, हर्बल स्पा और आयुष सेवाएं
-
24×7 क्लब हाउस, मिलेट्स कैफे, जिम और स्विमिंग पूल
-
किड्स प्ले एरिया, स्टीम बाथ और एंटरटेनमेंट ज़ोन
-
पर्यावरण अनुकूल ट्री हाउस और कॉटेज
-
स्थानीय जीवन और संस्कृति से परिचित कराने वाला सांस्कृतिक क्षेत्र
अनुराग सिंह देव ने कहा कि परियोजना से मैनपाट में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित होंगे और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में नई संभावनाएं खुलेंगी। गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधा उपलब्ध होने से पर्यटकों का ठहराव समय बढ़ेगा, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मैनपाट छत्तीसगढ़ का विशिष्ट और उभरता हुआ पर्यटन गंतव्य है। तेजी से बढ़ रही पर्यटक संख्या को देखते हुए यहां आधुनिक सुविधाओं का विकास अत्यावश्यक है। हाउसिंग बोर्ड की यह पहल पर्यटन, आवास और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी तथा मैनपाट को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित करेगी।
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने परियोजना को राज्य के पर्यटन विस्तार के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के विकास से पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा और राज्य का हॉस्पिटैलिटी सेक्टर मजबूत होगा।
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने इसे मैनपाट के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह परियोजना स्थानीय युवाओं को रोजगार और व्यापार के अवसर उपलब्ध कराएगी तथा क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाई देगी।
अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि यह पहल छत्तीसगढ़ में पर्यटन–आवास विकास के क्षेत्र में गृह निर्माण मंडल की भूमिका को और सुदृढ़ करेगी तथा मैनपाट को भविष्य में एक प्रमुख राष्ट्रीय पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने का आधार बनेगी।
