महासमुंद में दर्दनाक हादसा: रोपवे ट्रॉली गिरने से महिला की मौत, छह लोग घायल
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब पहाड़ी मंदिर से नीचे आ रही रोपवे ट्रॉली अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 10 बजे उस समय हुई जब ट्रॉली में सवार श्रद्धालु पहाड़ी से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान केबल टूटने से ट्रॉली अनियंत्रित होकर करीब 200 से 300 फीट नीचे जा गिरी।
मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे श्रद्धालु
बताया जा रहा है कि सभी यात्री खल्लारी माता मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। नवरात्रि के चलते मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और रोपवे सेवा का उपयोग किया जा रहा था।
महिला की मौके पर मौत
हादसे में रायपुर निवासी 28 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छह अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें महिला का पति और कुछ नाबालिग भी शामिल हैं। सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से चार को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।
एक और ट्रॉली को सुरक्षित वापस लाया गया
घटना के तुरंत बाद ऊपर जा रही दूसरी ट्रॉली को भी एहतियातन वापस नीचे लाया गया। हालांकि उसमें सवार यात्रियों को केवल हल्का झटका लगा और कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, जांच के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं और घटना की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए हैं।
प्रशासन ने रोपवे हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

