futuredछत्तीसगढ

कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को 10,324 करोड़ रुपए की सहायता राशि जारी

रायपुर, 28 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिल्हा विकासखंड के रहंगी में आयोजित कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं वृहद किसान सम्मेलन में प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे अंतरित की।

इसमें बिलासपुर जिले के 1 लाख 25 हजार 352 किसानों को 494.38 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की गई। होली पर्व से पूर्व किसानों को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से यह राशि जारी की गई।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में 15.99 करोड़ रुपए लागत के 7 पूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 247.18 करोड़ रुपए के 82 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में अतिथियों का पारंपरिक खुमरी और नांगर भेंटकर सम्मान किया गया तथा “कृषक उन्नति योजना का वरदान, छत्तीसगढ़ का हर किसान धनवान” विषय पर आधारित वीडियो का विमोचन भी हुआ।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार किसान हितैषी नीतियों के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में धान खरीदी के बाद किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया गया है तथा शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि भूमिहीन कृषि मजदूरों को भी आर्थिक सहायता दी जा रही है तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, खाद सब्सिडी और सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

See also  वेदों में विज्ञान और विकसित भारत का स्वप्न : राष्ट्रीय विज्ञान दिवस विशेष

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 6 हजार रुपए प्रतिवर्ष दिए जा रहे हैं। राज्य बजट में कृषि क्षेत्र के लिए 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आने का उल्लेख करते हुए कहा कि मार्च 2026 तक इसे समाप्त करने के संकल्प की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं। उन्होंने राज्य में खनिज संसाधनों, पर्यटन और पशुपालन क्षेत्र में विकास की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला तथा एनडीडीबी के सहयोग से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की योजना की जानकारी दी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चकरभाटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन, मंगला माध्यमिक शाला को हाई स्कूल में उन्नयन तथा रहंगी खेल मैदान में बाउंड्रीवाल और स्टेज निर्माण की घोषणा की। साथ ही सतनामी समाज एवं पत्थरखान के आदिवासी समाज के सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 50-50 लाख रुपए देने की घोषणा की गई।

See also  एचएसआरपी आवेदन में बड़ी राहत: अब मोबाइल नंबर देना अनिवार्य नहीं

कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने की सलाह देते हुए दलहन एवं तिलहन उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया। बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि किसानों की मेहनत से ही छत्तीसगढ़ समृद्ध बना है और राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिली है।

कृषि उत्पादन आयुक्त शाहला निगार ने बताया कि कृषक उन्नति योजना का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और आजीविका को सुदृढ़ करना है। वर्ष 2025-26 में 25 लाख से अधिक किसानों को सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से किसानों से संवाद भी किया। जगदलपुर की हितग्राही बसंती कश्यप, कोरबा के सुखन साय तथा जांजगीर के किसान समर्थ सिंह ने योजना से प्राप्त लाभ के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पूर्व विधायक कृष्णमूर्ति बांधी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, महापौर पूजा विधानी सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

See also  छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट की सख्ती: सरकारी स्कूलों में बदहाल शौचालय व्यवस्था पर मांगी विस्तृत रिपोर्ट