वन मंत्री श्री कश्यप मर्दापाल में भूमिपूजन और मेला मंड़ई कार्यक्रम में हुए शामिल
रायपुर, 21 फरवरी 2026। वन मंत्री केदार कश्यप आज कोंडागांव जिले के मर्दापाल में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने क्षेत्रवासियों को 2 करोड़ 18 लाख 47 हजार रुपए की लागत से स्वीकृत 36 विकास कार्यों की सौगात दी।
कार्यक्रम से पहले उन्होंने मर्दापाल के पारंपरिक मड़ई मेला में भाग लेकर भंगाराम मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केदार कश्यप ने ग्रामीणों को भंगाराम माता मावली माघ मड़ई मेला की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि विकसित भारत विजन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। विकसित भारत जीरामजी योजना के माध्यम से 125 दिन का रोजगार और एक सप्ताह के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का प्रावधान किया गया है। मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और ग्रामीणों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
जनपद पंचायत अध्यक्ष अनिता कोर्राम ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शासन की योजनाओं की जानकारी दी।
36 विकास कार्यों का भूमिपूजन
मर्दापाल और आसपास की विभिन्न ग्राम पंचायतों में 218.47 लाख रुपए की लागत से 36 आधारभूत संरचना और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें सामुदायिक भवन, सांस्कृतिक मंच, आंगनबाड़ी भवन, सीसी सड़क, नाली निर्माण और पुलिया निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, सामाजिक गतिविधियों और बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा। कई गांवों के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य यशोदा कश्यप, सरपंच जयंती कश्यप, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
