खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: वेटलिफ्टिंग में अरुणाचल पुरुष और असम महिला वर्ग में ओवरऑल चैम्पियन
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत आयोजित वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिताओं का समापन शानदार अंदाज में हुआ। प्रतियोगिता के अंत में टीम चैम्पियनशिप के नतीजे घोषित किए गए, जिसमें पुरुष वर्ग में अरुणाचल प्रदेश ने ओवरऑल चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में असम शीर्ष पर रहा।
पुरुष वर्ग में मिजोरम ने उपविजेता और असम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में ओडिशा फर्स्ट रनरअप और छत्तीसगढ़ सेकंड रनरअप रहा। यह प्रतियोगिता रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के खेल परिसर में आयोजित की गई, जहां देशभर से आए खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और रायपुर महापौर मीनल चौबे ने विजेताओं को पदक पहनाकर सम्मानित किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं की बात करें तो पुरुष 110 किलोग्राम वर्ग में अरुणाचल प्रदेश के साम्बो लापुंग ने 299 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। मिजोरम के डेविड लालजाव्मडिका को रजत और छत्तीसगढ़ के लकी बाबू मरकाम को कांस्य पदक मिला। लकी बाबू का प्रदर्शन घरेलू दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहा।
वहीं 110+ किलोग्राम वर्ग में मिजोरम के डेविड जोह्मिंगमाविया ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि आंध्र प्रदेश के गुगुलोथु राजा शेखर और असम के मनाश प्रतिम सोनवाल ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए।
महिला वर्ग में भी मुकाबले बेहद कड़े रहे। 86 किलोग्राम वर्ग में महाराष्ट्र की साक्षी बुरकुले ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि छत्तीसगढ़ की रिशिका कश्यप ने रजत और असम की बिटुपुना देओरी ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं 86 किलोग्राम से अधिक वर्ग में मिजोरम की जोसांगजुआली ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि असम की पिंकी बोरो और मध्यप्रदेश की गुंजन उइके क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। तकनीकी व्यवस्थाएं सुचारु रहीं और दर्शकों का उत्साह खिलाड़ियों के प्रदर्शन में ऊर्जा भरता रहा। इस प्रतियोगिता ने एक बार फिर साबित किया कि देश के जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जिन्हें सही अवसर मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

