खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: छत्तीसगढ़ में खेल महाकुंभ की शुरुआत, खिलाड़ियों का भव्य स्वागत
छत्तीसगढ़ में ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ को लेकर उत्साह चरम पर पहुंचता नजर आ रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों से खिलाड़ियों का आगमन शुरू हो चुका है, जिससे पूरे प्रदेश में खेल महोत्सव जैसा माहौल बन गया है। सोमवार को असम से तैराकी टीम के 10 खिलाड़ी और तमिलनाडु से 17 फुटबॉल खिलाड़ियों का दल राजधानी रायपुर पहुंचा।
स्वामी विवेकानंद विमानतल पर खिलाड़ियों का पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच खेल एवं युवा कल्याण विभाग और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के अधिकारियों ने गुलाब भेंट कर खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। इस दौरान स्वागत का माहौल बेहद उत्साहपूर्ण और जीवंत नजर आया।
आयोजन के तहत 23 मार्च को भी देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से खिलाड़ियों के आने का सिलसिला जारी रहेगा। खास बात यह है कि पहली बार इस स्तर का आदिवासी खेल आयोजन छत्तीसगढ़ में आयोजित किया जा रहा है, जिसे लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।
यह प्रतियोगिता रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में आयोजित होगी, जिसमें देशभर से करीब 3 हजार जनजातीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 25 मार्च से 3 अप्रैल तक चलने वाले इस खेल आयोजन में हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती, एथलेटिक्स, तैराकी, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग जैसे सात खेलों में मुकाबले होंगे।
यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगा, बल्कि जनजातीय संस्कृति और खेल भावना के अनूठे संगम के रूप में भी उभरेगा, जिससे छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

