futuredछत्तीसगढ

झुमका पर्यटन स्थल में ओपन थिएटर का लोकार्पण, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया नौका विहार

रायपुर, 17 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोरिया जिले के प्रवास के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बैकुंठपुर स्थित प्रसिद्ध झुमका पर्यटन स्थल में निर्मित ओपन थिएटर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने झुमका जलाशय में नौका विहार कर क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया और विकसित की गई पर्यटन सुविधाओं का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने झुमका जलाशय में शिकारा पर सवार होकर बोटिंग की। चारों ओर फैली हरियाली, शांत जलराशि और कमल के फूलों से सजा यह रमणीय स्थल अब एक आकर्षक पिकनिक स्पॉट के रूप में पहचान बना रहा है। उन्होंने यहां संचालित बोटिंग, वाटर स्पोर्ट्स और अन्य पर्यटन गतिविधियों की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं की सराहना की।

इस अवसर पर लगभग 27 लाख रुपये की लागत से निर्मित 500 दर्शकों की क्षमता वाले ओपन थिएटर का लोकार्पण किया गया। यह ओपन थिएटर क्षेत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोक कला प्रस्तुतियों और सामाजिक आयोजनों के लिए एक नए केंद्र के रूप में विकसित होगा।

See also  छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश समेत न्यायिक अधिकारियों के खिलाफ 2016 की आपराधिक शिकायत रद्द की

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि झुमका जलाशय केवल कोरिया जिले की पहचान नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाओं का प्रतीक है। राज्य सरकार पर्यटन स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में स्थापित किया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटकों की सुरक्षा, स्वच्छता और आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही स्थानीय युवाओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर रोजगार के अवसर सृजित किए जाएं, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी गति मिले।

इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक भैयालाल राजवाड़े, संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, कलेक्टर चंदन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।