futuredछत्तीसगढ

झारखंड की टीम ने छत्तीसगढ़ की ‘रोजगार और नियोजन’ पत्रिका का किया अध्ययन,

रायपुर, 19 मार्च 2026। युवाओं को रोजगार संबंधी जानकारी सुलभ कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। झारखंड के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की टीम ने छत्तीसगढ़ जनसंपर्क की सहयोगी संस्था ‘छत्तीसगढ़ संवाद’ द्वारा प्रकाशित लोकप्रिय साप्ताहिक पत्रिका ‘रोजगार और नियोजन’ का अवलोकन कर इसकी कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर सहायक संपादक गीतांजली नेताम ने टीम को पत्रिका की सामग्री, स्वरूप और युवाओं के लिए इसमें उपलब्ध कराई जा रही रोजगार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह पत्रिका प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी है, क्योंकि इसमें सरकारी नौकरियों, योजनाओं और कैरियर मार्गदर्शन से संबंधित जानकारी एक ही स्थान पर व्यवस्थित रूप में उपलब्ध होती है।

झारखंड से आए अधिकारियों—डिप्टी डायरेक्टर आनंद कुमार, प्रतिनिधि सुनीता धान तथा विधि सलाहकार अमन कुमार—ने पत्रिका की सराहना करते हुए इसे एक प्रभावी और उपयोगी पहल बताया। टीम के सदस्यों ने कहा कि इस प्रकार की विश्वसनीय और संगठित जानकारी युवाओं के लिए अत्यंत सहायक होती है।

See also  मैनुअल स्कैवेंजिंग पर सख्ती के निर्देश, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

उन्होंने जानकारी दी कि झारखंड में भी इसी तरह की पत्रिका प्रारंभ करने की योजना पर विचार किया जा रहा है, ताकि राज्य के युवाओं को रोजगार से संबंधित प्रमाणिक और अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। इस उद्देश्य से वे ‘रोजगार और नियोजन’ पत्रिका की प्रति लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रस्तुत करेंगे।

टीम ने उम्मीद जताई कि यदि यह योजना लागू होती है, तो झारखंड के हजारों युवाओं को समय पर रोजगार संबंधी जानकारी मिल सकेगी, जिससे उनके भविष्य निर्माण में सकारात्मक योगदान होगा।

इस दौरान छत्तीसगढ़ संवाद के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।