futuredछत्तीसगढ

जशपुर को बड़ी खेल सौगात: पंडरा पाठ में बनेगी अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी, एनटीपीसी देगा 20.53 करोड़ का सहयोग

रायपुर, 13 दिसंबर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जशपुर जिले को एक और महत्वपूर्ण सौगात मिली है। जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत पंडरा पाठ में अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए एनटीपीसी लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) मद से 20.53 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।

इस अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी के निर्माण से जशपुर जिले के ग्रामीण और आदिवासी युवाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अकादमी में अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आउटडोर और वातानुकूलित इनडोर तीरंदाजी रेंज, हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर तथा खिलाड़ियों के लिए छात्रावास जैसी सुविधाओं का निर्माण प्रस्तावित है। इससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास वातावरण मिलेगा और उन्हें राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें वैश्विक मंच तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता का यह एक और सशक्त उदाहरण माना जा रहा है। तीरंदाजी अकादमी के स्थापित होने से जशपुर न केवल राज्य, बल्कि देश के प्रमुख तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्रों में शामिल होगा। यह पहल आने वाले समय में जशपुर को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतिभाओं के हब के रूप में विकसित करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।

See also  प्रयोगशाला परिचारक अभ्यर्थियों के लिए अंतिम मौका, 6 फरवरी को होगा दस्तावेज सत्यापन

एनटीपीसी लिमिटेड द्वारा CSR के अंतर्गत दिए जा रहे इस वित्तीय सहयोग से खेल अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी और स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का अवसर प्राप्त होगा। इस घोषणा के बाद जशपुर जिले के युवाओं और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।