जशपुर में मुख्यमंत्री ने होमस्टे परियोजना का शुभारंभ, ग्राम केरे बनेगा मॉडल सामुदायिक पर्यटन स्थल
जशपुर जिले को प्रमुख इको-पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में होमस्टेज़ ऑफ इंडिया, छत्तीसगढ़ शासन और जशपुर जिला प्रशासन के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत ग्राम केरे को एक मॉडल सामुदायिक पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम केरे में तैयार किए गए होमस्टे का उद्घाटन भी किया। अधिकारियों ने बताया कि यह जशपुर का पहला संगठित होमस्टे ग्राम होगा, जिसमें स्थानीय परिवारों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस पहल के माध्यम से स्थानीय युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास एवं उद्यमिता के अवसर प्रदान किए जाएंगे, जिससे सतत आजीविका और समुदाय-आधारित पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
एमओयू के अनुसार ग्राम केरे में एक सुव्यवस्थित और विस्तार योग्य होमस्टे-आधारित पर्यटन पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण किया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक विरासत का संरक्षण करना है, ताकि पर्यटन विकास समावेशी, समुदाय-स्वामित्व वाला और पर्यावरण के अनुकूल हो।
इस अवसर पर कलेक्टर जशपुर श्री रोहित व्यास, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद वर्मा और होमस्टेज़ ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ सरकार की इको-पर्यटन, समावेशी और समुदाय-नेतृत्व वाले आर्थिक विकास की रणनीति के अनुरूप है। ग्रामीण संस्कृति और प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित प्रामाणिक पर्यटन अनुभवों के जरिए यह पहल जशपुर की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ करेगी और जिले को प्रमुख पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने में मदद करेगी।

