futuredछत्तीसगढ

स्वतंत्रता की दौड़ में मुख्यमंत्री साय का तिरंगा गौरव संदेश, विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प

रायपुर, 14 अगस्त 2025 // हमारा तिरंगा पूर्वजों के वर्षों के संघर्ष और बलिदान का जीवंत प्रतीक है। हम सभी तिरंगे की शान को हमेशा बनाए रखेंगे, अपने अमर बलिदानियों को कभी नहीं भूलेंगे और मिलकर विकसित, समृद्ध और सशक्त छत्तीसगढ़ का निर्माण करेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव में आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में शामिल हुए और कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने हजारों युवाओं के साथ स्वतंत्रता दौड़ लगाई और भारत माता तथा अमर बलिदानी रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तिरंगे में करोड़ों भारतीयों की आकांक्षाएं समाई हैं और यह हमारी वीरता, शांति और समृद्धि के भाव की अमिट चेतना है। पवित्र तिरंगे को प्रणाम करते हुए उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पिछले कुछ वर्षों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा देश तिरंगामय हो जाता है। उन्होंने बताया कि बीते दिनों से ही देशभर में अलग-अलग तरीकों से इस पावन दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। तिरंगा यात्राएं और हर-घर तिरंगा फहराने का संकल्प इस अवसर को जन-जन से जोड़ने में सफल रहा है।

See also  तुरमा में एनएसएस छात्रों ने नशा मुक्ति जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का जीवंत प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें याद दिलाता है कि आज़ादी अनगिनत बलिदानों की अमूल्य देन है। लाखों-करोड़ों देशभक्तों ने अपने प्राण न्योछावर किए, तब जाकर हमें यह स्वतंत्रता प्राप्त हुई।

उन्होंने भावुक होकर कहा कि आज का यह विशेष अवसर उन्हें बचपन के दिनों की याद दिला रहा है, जब स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर प्रभात फेरियां निकलती थीं और गांव-गांव में देशभक्ति गीत गूंजते थे। उस समय जो गर्व महसूस होता था, वही गर्व आज भी हमारे दिल में है। उन्होंने कहा कि अब हमारा दायित्व है कि हम देश और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। इसके लिए वर्ष 2047 तक का विकसित छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है और सरकार उसी के अनुरूप कार्य कर रही है। यह केवल सरकार का नहीं, बल्कि हम सभी का साझा संकल्प है।

See also  भ्रामक समाचार प्रसारित कर वित्त मंत्री एवं सरकार की छवि धूमिल करने का षड्यंत्र – तथ्यों से हुआ खुलासा

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आज़ादी के लिए किए गए संघर्ष की एक प्रेरणादायक स्मृति है। देश को वीर सपूतों के बलिदान से आज़ादी मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित, स्वच्छ, स्वस्थ और श्रेष्ठ भारत के विजन के साथ आगे बढ़ते हुए मुख्यमंत्री ने भी विकसित और समृद्धशाली छत्तीसगढ़ का सपना देखा है। उन्होंने कहा कि इस सपने को साकार करने के लिए हम सभी को अपना अमूल्य योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक गुरु खुशवंत साहेब, विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार उपस्थित रहे।