रायपुर में 6 जून से तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का भव्य आयोजन
रायपुर, 30 मई 2025/ इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में 6 से 8 जून 2025 तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव का उद्देश्य आम की विविध किस्मों, उनके उत्पादों और संबंधित तकनीकी जानकारी को जनसामान्य तक पहुँचाना है। इस आयोजन में देशभर से लाई गई दो सौ से अधिक आम की किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे आम के स्वाद, आकार, रंग और सुगंध की विविधता देखने को मिलेगी। साथ ही आम से बने छप्पन प्रकार के व्यंजनों को प्रदर्शित किया जाएगा, जो आम के बहुपयोगी स्वरूप को दर्शाएगा।
इस महोत्सव में आम की सजावट प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थी, महिलाएं तथा अन्य आम नागरिक भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु पंजीयन और प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। 7 जून को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक आम उगाने वाले कृषकों एवं जिज्ञासुओं के लिए तकनीकी मार्गदर्शन एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया है, जिसमें आम की उन्नत किस्मों के उत्पादन, विपणन और संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
8 जून को आम उत्पादक कृषकों एवं उद्यमियों की सफलता की कहानियाँ भी साझा की जाएँगी ताकि अन्य लोग भी प्रेरणा ले सकें और इस क्षेत्र में आगे बढ़ने का प्रयास करें। महोत्सव के दौरान आम की विभिन्न किस्मों के फल, उनसे बने उत्पाद और आम के पौधे विक्रय हेतु भी उपलब्ध रहेंगे। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक जनसामान्य के लिए खुली रहेगी। यह महोत्सव इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी तथा प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आम के उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देना है।
ALSO READ : छत्तीसगढ़ की ताजा खबरे
ALSO READ : राज्यों की खबरें
ALSO READ : घुमक्कड़ी लेख
ALSO READ : लोक संस्कृति लेख
ALSO READ : धर्म एवं अध्यात्म लेख