छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य क्रांति: बस्तर और सरगुजा को मिली नये वाहनों की सौगात
रायपुर, 17 जुलाई 2025/ प्रदेश के कोने-कोने तक सुलभ, सशक्त और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य की स्वास्थ्य प्रणाली को सुदृढ़ और समावेशी बनाने की दिशा में उठाया गया यह कदम न केवल ऐतिहासिक है, बल्कि “स्वस्थ छत्तीसगढ़” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास परिसर से मैदानी स्वास्थ्य अमले के लिए 151 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन अत्याधुनिक वाहनों से बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में भी लोगों को समय पर और प्रभावी चिकित्सा सेवाएं प्राप्त हो सकेंगी। यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच को और भी समावेशी और परिणामदायक बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुराने और अनुपयोगी हो चुके वाहनों को हटाकर उनकी जगह यह नए वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का संचालन अधिक सुगम, गतिशील और प्रभावशाली होगा। इन वाहनों के माध्यम से नियमित निरीक्षण, स्वास्थ्य शिविरों की निगरानी, दूरस्थ अंचलों तक त्वरित पहुँच और आपातकालीन परिस्थितियों में समयबद्ध हस्तक्षेप संभव हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि यह पहल स्वास्थ्य सेवा वितरण प्रणाली को अधिक उत्तरदायी, सक्रिय और परिणामोन्मुखी बनाएगी, जिससे प्रदेश का संपूर्ण स्वास्थ्य तंत्र एक नई ऊर्जा और गति के साथ आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश के सभी जिलों को यह वाहन चरणबद्ध रूप से उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रथम चरण में बस्तर और सरगुजा संभाग के 12 जिलों को ये वाहन भेजे जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि शीघ्र ही प्रदेश में 851 नई एंबुलेंस सेवाएं प्रारंभ की जाएंगी। इनमें 375 एंबुलेंस ‘108’ आपातकालीन सेवा हेतु, 30 एंबुलेंस ग्रामीण चलित चिकित्सा इकाइयों के लिए तथा 163 ‘मुक्तांजली’ शव वाहन नि:शुल्क सेवा के अंतर्गत शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए समर्पित ‘प्रधानमंत्री जन मन योजना’ के अंतर्गत 30 विशेष एंबुलेंस की व्यवस्था शीघ्र की जा रही है। यह पहल जनजातीय समुदायों के प्रति केंद्र और राज्य सरकार की संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अब वर्षा ऋतु जैसे चुनौतीपूर्ण समय में भी राज्य सरकार प्रत्येक घर तक स्वास्थ्य सेवा पहुँचाने में सक्षम होगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को गुणवत्तापूर्ण और व्यापक बनाने हेतु पूरी संकल्पबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण से लेकर संसाधनों के विस्तार तक सभी पहलुओं पर गंभीरता से कार्य हो रहा है। उन्होंने मैदानी स्वास्थ्य अमले को इस नई सौगात के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (सीजीएमएससी) के अध्यक्ष दीपक म्हस्के, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, आयुक्त डॉ. प्रियंका शुक्ला सहित बड़ी संख्या में अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि और गणमान्यजन उपस्थित थे।