गंगरेल बांध में पहली महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप सम्पन्न, 52 टीमों ने दिखाया रोमांचक कौशल
धमतरी, 22 मार्च 2026। धमतरी जिले के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब पहली बार गंगरेल बांध की शांत एवं आकर्षक जलधारा पर ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के अंतर्गत भव्य महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। मचान हाट प्वाइंट से गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक लगभग 1000 मीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी में आयोजित इस रोमांचक प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने गति, संतुलन और टीम वर्क का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन स्थल पर उत्साह, रोमांच और जनसहभागिता का विशेष वातावरण देखने को मिला।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में धमतरी सहित समीपवर्ती जिले कांकेर और बालोद की कुल 52 टीमों ने भाग लिया, जिससे यह आयोजन क्षेत्रीय स्तर पर एक बड़े खेल महोत्सव के रूप में उभरकर सामने आया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक ओमकार साहू, महापौर रामू रोहरा एवं पूर्व विधायक रंजना साहू द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर अविनाश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
महिला सहभागिता बनी आकर्षण का केंद्र
इस आयोजन की विशेष उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्रों की महिला प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी रही। ग्राम तिर्रा की चयन बाई, सुमन एवं दिनेश्वरी निधार ने पारंपरिक लकड़ी की नाव के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायक संदेश दिया। सीमित संसाधनों के बावजूद उनका आत्मविश्वास और साहस दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
प्रतियोगिता के परिणाम
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसके परिणाम इस प्रकार रहे—
प्रथम स्थान: बोट क्रमांक 04 – रोमार निषाद तिरी एवं जीतु निषाद
द्वितीय स्थान: बोट क्रमांक 01 – सत्वंत मंडावी एवं मिथलेश मंडावी (कोलियारी)
तृतीय स्थान: बोट क्रमांक 10 – कोमल निषाद एवं महेश्वर कुरेटरी (तिर्रा)
विशेष पुरस्कार
- वेशभूषा पुरस्कार: बोट क्रमांक 06 – पवनबाई निषाद एवं देवनबती निषाद (तिर्रा)
- सजावट पुरस्कार: बोट क्रमांक 08 – रामनारायण नेताम एवं रिशीराम निषाद (सटी यारा)
विजेताओं को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए गए—
- प्रथम पुरस्कार: ₹1,00,000
- द्वितीय पुरस्कार: ₹50,000
- तृतीय पुरस्कार: ₹25,000
साथ ही बोट सजावट एवं वेशभूषा के लिए ₹11,000 के विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। महिला प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने हेतु ₹15,000, ₹10,000 एवं ₹5,000 के सांत्वना पुरस्कार भी घोषित किए गए।
पर्यटन और जल क्रीड़ा को मिलेगा बढ़ावा
विधायक ओमकार साहू ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा और जल पर्यटन को नई पहचान देगा। महापौर रामू रोहरा ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण पहल बताते हुए स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ युवाओं में खेल और साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित करेंगे।
पर्यावरण संरक्षण और मत्स्य व्यवसाय को प्रोत्साहन
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ हुई। मत्स्य विभाग द्वारा 8 मछुआ समितियों को आइस बॉक्स वितरित किए गए, जिससे मत्स्य व्यवसाय को मजबूती मिलेगी। जल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वॉटर एंबुलेंस का भी शुभारंभ किया गया।
विकास और पर्यटन की नई संभावनाएं
‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ धमतरी जिले में पर्यटन, संस्कृति और खेल गतिविधियों के समन्वय का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आया है। यह आयोजन न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि गंगरेल क्षेत्र को राज्य के प्रमुख पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
