मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पद्मश्री डॉ. सुरेंद्र दुबे को दी श्रद्धांजलि
रायपुर, 26 जून 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज वरिष्ठ साहित्यकार, पद्मश्री सम्मानित डॉ. सुरेंद्र दुबे के निवास पहुँचे और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने डॉ. दुबे के निधन को साहित्य जगत और छत्तीसगढ़ की अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने शोक-संतप्त परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी, धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। सभी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए डॉ. दुबे के साहित्यिक योगदान को याद किया और उनकी स्मृति को नमन किया।
पद्मश्री डॉ. सुरेंद्र दुबे छत्तीसगढ़ के हास्य-व्यंग्य साहित्य के सशक्त हस्ताक्षर थे, जिन्होंने मंचीय कवि के रूप में देशभर में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। उनका निधन साहित्य और समाज दोनों के लिए एक गहरी क्षति है।