futuredसाहित्य

डाॅ. खूबचंद बघेल जयंती पर दुर्ग में हुआ भव्य आयोजन

दुर्ग, 29 जुलाई 2025। जिला मुख्यालय दुर्ग में डाॅ. खूबचंद बघेल की 125वीं जयंती पर छत्तीसगढ़ भ्रातृ संघ और मनवा कूर्मी समाज, दुर्ग द्वारा एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कूर्मी भवन, दुर्ग में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार डाॅ. सुधीर शर्मा रहे।

अपने उद्बोधन में डाॅ. शर्मा ने कहा कि डाॅ. खूबचंद बघेल छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण आंदोलन के अग्रणी नेता, साहित्यकार और विचारक थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ी भाषा और संस्कृति की ताकत को समझते हुए सभी समाजों को संगठित कर राज्य निर्माण का सपना देखा और छत्तीसगढ़ी महासभा का गठन किया।

डाॅ. शर्मा ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ को उनके विचारों और दृष्टिकोण को आत्मसात करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि डाॅ. बघेल ने अपने दामाद रामचंद्र देशमुख को राजनीति से दूर रखकर सांस्कृतिक जागरण के माध्यम से जनचेतना को प्राथमिकता दी।

समारोह के मुख्य वक्ता डाॅ. परदेशीराम वर्मा ने कहा कि डाॅ. बघेल की 125वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में राज्य शासन को शोध, व्याख्यान तथा उनकी रचनाओं पर नाट्य-प्रदर्शन आयोजित करना चाहिए। उन्होंने बताया कि डाॅ. बघेल के विचारों पर आधारित उनकी पुस्तक 2007 में हिन्दी ग्रंथ अकादमी द्वारा प्रकाशित की गई थी, जिसका संपादन उन्होंने स्वयं किया था। उन्होंने शासन से मांग की कि डाॅ. बघेल के विचारों पर केंद्रित नई पुस्तकों का प्रकाशन हो तथा उनके नाम पर शोध पीठ की स्थापना की जाए।

See also  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में ‘सुशासन संवाद’ कार्यक्रम सम्पन्न

वरिष्ठ साहित्यकार डाॅ. डी.पी. देशमुख ने डाॅ. बघेल की साहित्यिक विरासत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने साहित्य और कला के क्षेत्र में भी अमूल्य योगदान दिया। बद्री प्रसाद पारकर ने उन्हें समाज में एकता का प्रतीक बताया। डाॅ. अशोक आकाश ने डाॅ. बघेल के नाटक ‘ऊँच-नीच’ का उल्लेख करते हुए उनके सामाजिक समरसता हेतु किए गए प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन कौशल वर्मा ने किया, जबकि स्वागत भाषण मनवा कूर्मि समाज दुर्ग के अध्यक्ष रोशन वर्मा ने दिया। दुर्ग राजप्रधान ईश्वरी वर्मा ने डाॅ. बघेल की स्मृति में गीत प्रस्तुत कर उनके विचारों की महत्ता बताई।

समारोह में विभिन्न समाजों के विशिष्ट जनों को सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ भ्रातृ संघ के अध्यक्ष तेज बहादुर बन्छोर ने आभार प्रदर्शन किया। छात्रावास अध्यक्ष धरमलाल वर्मा के नेतृत्व में अतिथियों को सम्मान प्रदान किया गया।