दो साल की निरंतर सेवा और विकास की उपलब्धि: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कॉफी टेबल बुक्स का किया विमोचन
छत्तीसगढ़ में दो वर्षों की निरंतर सेवा और विकास की यात्रा को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज नवीन विधानसभा परिसर स्थित अपने कार्यालय में जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित आठ कॉफी टेबल बुक्स का विमोचन किया। ये पुस्तकें राज्य की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और प्राकृतिक सौंदर्य को समर्पित हैं।
विमोचित पुस्तकों में बस्तर दशहरा, पुण्यभूमि छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़ के अतुल्य जलप्रपात और बैगा टैटू जैसे विषय शामिल हैं, जिन्हें हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में प्रकाशित किया गया है। ये कॉफी टेबल बुक्स छत्तीसगढ़ की विविधता, आदिवासी संस्कृति और ऐतिहासिक परंपराओं को आकर्षक स्वरूप में प्रस्तुत करती हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि ये प्रकाशन छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति और प्राकृतिक धरोहर को देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सहायक होंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास राज्य की विशिष्ट पहचान को मजबूत करते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव, महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर सिन्हा, जनसंपर्क विभाग के सचिव श्री रोहित यादव, आयुक्त श्री रवि मित्तल, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी श्री आलोक सिंह, पूर्व विधायक श्री खिलावन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

