धान खरीदी में किसानों को राहत दो दिन बढ़ी खरीदी अवधि
छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी प्रक्रिया में अहम फैसला लिया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश में धान विक्रय के लिए अतिरिक्त दो दिन—5 और 6 फरवरी 2026 तक खरीदी की अनुमति दी गई है। इस निर्णय से कई किसानों को अपनी उपज बेचने का अवसर मिलेगा, जो पहले किसी कारणवश धान विक्रय नहीं कर पाए थे।
सरकारी निर्देशों के अनुसार, तीन श्रेणियों के किसान इस बढ़ी हुई अवधि में धान बेच सकेंगे। इनमें वे किसान शामिल हैं, जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद टोकन के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनका सत्यापन समय पर नहीं हो सका। इसके अलावा, वे किसान भी पात्र होंगे, जिनका आवेदन 10 जनवरी के बाद सत्यापन के पश्चात स्वीकार हुआ और जिनके पास धान उपलब्ध पाया गया।
तीसरी श्रेणी में ऐसे किसान शामिल किए गए हैं, जिन्हें 28, 29 और 30 जनवरी 2026 को टोकन तो मिला था, लेकिन किसी कारणवश वे निर्धारित तिथि पर खरीदी केंद्रों में धान नहीं बेच सके थे।
किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार ने बारदाना और हमालों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं, ताकि खरीदी प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके।
राज्य सरकार का यह कदम किसानों के प्रति उसकी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सरकार का कहना है कि किसानों की उपज का सुरक्षित और समयबद्ध विक्रय सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

