futuredताजा खबरें

दंतेवाड़ा बाढ़ राहत: प्रभावित परिवारों ने जताया आभार, पूनम पटेल की यूपीएससी तैयारी के लिए प्रशासन ने दिया सहयोग

रायपुर, 01 सितंबर 2025/ दंतेवाड़ा में हाल ही में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत और मदद पहुँचाने में प्रशासन ने तत्परता दिखाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विदेश प्रवास के दौरान भी संवेदनशीलता दिखाते हुए दक्षिण कोरिया से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बाढ़ प्रभावित जिलों के कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश दिए थे।

आज मुख्यमंत्री जब दंतेवाड़ा के चूड़ी टिकरापारा पहुँचे, तो वहां के बाढ़ प्रभावित परिवारों ने प्रशासन के समय पर किए गए बचाव एवं राहत कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि सरकार की संवेदनशील पहल से सभी प्रभावित परिवार सुरक्षित और सकुशल हैं। राहत शिविरों में रहने, भोजन, स्वास्थ्य उपचार और अन्य सभी जरूरी सुविधाएँ उपलब्ध हैं।

गुप्तेश्वरी कश्यप, शालिनी शर्मा, सविता पात्रे और लता सागर ने बताया कि राहत शिविर में उन्हें किसी तरह की दिक्कत नहीं है। उन्हें राशन, बर्तन, कपड़े, गैस सिलेंडर और चूल्हा उपलब्ध कराया गया है। जिनके मकान ढह गए हैं, उन्हें सहायता राशि भी मिल चुकी है। जब तक नए घर नहीं बन जाते, तब तक वे राहत शिविर में ही रहेंगे। प्रभावितों ने बताया कि बाढ़ के समय प्रशासन की अपील पर सभी लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए थे और पानी उतरने के बाद उन्हें चूड़ी टिकरापारा के छात्रावास भवन में शरण दी गई।

See also  अर्जुनी में अच्छी वर्षा की कामना के लिए देवेंद्र इंद्र की विशेष पूजा-अर्चना, देर रात हुई हल्की बारिश

इसी तरह रीता कश्यप, द्रोपदी नाग, कुंदन गुप्ता, महेश नाग और बबीता नाग सहित अन्य प्रभावितों ने भी प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और राहत प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।

भावुक हुईं सोमड़ी सोढ़ी

मुख्यमंत्री जब चूड़ी टिकरापारा निवासी सोमड़ी सोढ़ी के घर पहुँचे, तो वे भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि बाढ़ से उनका पूरा घर डूब गया था। बाढ़ आने के एक दिन पहले ही वे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती थीं और उनकी दोनों बेटियाँ भी उनके साथ थीं। इस वजह से उनकी जान बच गई। शुक्रवार को अस्पताल से लौटने पर उन्हें घर की तबाही का सामना करना पड़ा।

सोमड़ी ने बताया कि प्रशासन ने तुरंत मदद पहुंचाई। उन्हें राशन, बर्तन, कपड़े, गैस सिलेंडर और चूल्हा मिला। राहत शिविर में नाश्ते, भोजन और इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि इस आपदा की घड़ी में सरकार ने परिवार को सहारा दिया है।

See also  राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘संडेज़ ऑन सायकल’ कार्यक्रम, फिटनेस के लिए दिया संदेश

प्रशासन के प्रयासों से प्रभावित हुए ग्रामीण

चूड़ी टिकरापारा निवासी सुरेश बघेल ने बताया कि बाढ़ के दिन उनका पूरा परिवार घर में ही था, लेकिन प्रशासन की सूचना मिलते ही वे सुरक्षित स्थान पर चले गए। अगले दिन वे राहत शिविर पहुँचे और हाल ही में घर लौटे हैं।

सुरेश ने कहा कि प्रशासन ने उन्हें राशन, बर्तन, गैस सिलेंडर, चूल्हा, कंबल, चादर और कपड़े जैसे सभी जरूरी सामान उपलब्ध कराए। इन सुविधाओं से उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है।

पूनम पटेल की कहानी बनी प्रेरणा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर दंतेवाड़ा की पूनम पटेल की प्रशासनिक अधिकारी बनने की तैयारी अब निर्बाध जारी रहेगी। पूनम, जो नक्सल प्रभावित क्षेत्र में रहकर पिछले तीन वर्षों से यूपीएससी की तैयारी कर रही हैं, हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित हुई थीं। उनका घर क्षतिग्रस्त हो गया और सभी पुस्तकें तथा टेबलेट बाढ़ के पानी में बह गए।

See also  तियांजिन में एसइओ समिट : पीएम मोदी का भव्य स्वागत, चीन ने उपलब्ध कराई होंगची कार की सवारी

पूनम ने बताया कि उनके पिता संतोष पटेल किराना दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बड़ी मुश्किल से उन्होंने टेबलेट खरीदा था, जो बाढ़ में खराब हो गया। इस कारण पूनम अपनी आगे की तैयारी को लेकर बेहद चिंतित थीं।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने उन्हें नया टेबलेट और आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराईं। इस सहायता से पूनम को बड़ी राहत मिली है। अब वह अपने लक्ष्य की ओर और मजबूती से आगे बढ़ेंगी। पूनम ने कहा कि सरकार के इस सहयोग से उनकी यूपीएससी तैयारी में अब कोई बाधा नहीं आएगी।