futuredछत्तीसगढताजा खबरें

दलपत सागर के सौंदर्यीकरण को मिली हरी झंडी, बस्तर की ऐतिहासिक धरोहर को मिलेगा नया रूप

जगदलपुर – बस्तर की पहचान और गौरव माने जाने वाले विशाल दलपत सागर के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण की बहुप्रतीक्षित योजना अब ज़मीन पर उतरने जा रही है। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत राज्य सरकार ने इस ऐतिहासिक जलाशय के लिए 9 करोड़ 88 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है।

यह वित्तीय स्वीकृति बस्तरवासियों की वर्षों पुरानी मांग को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव ने इस राशि की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त किया है।

किरण देव ने कहा कि दलपत सागर केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि बस्तर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर है। वर्षों से स्थानीय जनता इसकी देखरेख और विकास की मांग कर रही थी। अब जब राज्य सरकार ने इसके सौंदर्यीकरण के लिए विशेष फंड स्वीकृत किया है, तो यह कार्य योजना के तहत शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

See also  सिमगा में दत्तात्रेय सिद्ध शक्तिपीठ की स्थापना, एकमुखी चतुर्भुज मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न

उन्होंने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य न केवल जलाशय की सफाई और सौंदर्यवर्धन करना है, बल्कि इसे पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित करना है ताकि बस्तर की प्राकृतिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती मिले।

दलपत सागर के कायाकल्प के इस प्रयास के पीछे सरकार की मंशा है कि यह जलाशय आने वाले वर्षों में भी सुरक्षित, स्वच्छ और पर्यावरणीय सौंदर्य से परिपूर्ण बना रहे।

स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में इस घोषणा के बाद उत्साह का माहौल है और उम्मीद की जा रही है कि यह कार्य बस्तर के पर्यटन को भी एक नई ऊंचाई देगा।