futuredछत्तीसगढ

जाणता राजा महानाट्य में बोले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, शिवाजी का जीवन साहस और आदर्श नेतृत्व की मिसाल

रायपुर, 19 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन साहस, धैर्य, रणनीति और आदर्श नेतृत्व का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हमें अपने जीवन में शिवाजी जैसा स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए।

साइंस कॉलेज मैदान में ऐतिहासिक महानाट्य ‘जाणता राजा’ के मंचन के दौरान संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवाजी महाराज ने विपरीत परिस्थितियों में भी अद्भुत साहस और बुद्धिमत्ता का परिचय दिया। अफजल खाँ की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संकट को भांपकर धैर्य और रणनीति से लिया गया निर्णय ही विजय का मार्ग प्रशस्त करता है। शाइस्ता खान के विरुद्ध उनकी युक्तिपूर्ण रणनीति यह सिखाती है कि बड़े से बड़े शत्रु को भी सूझबूझ और साहस से पराजित किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवाजी महाराज केवल महान योद्धा ही नहीं, बल्कि उच्च आदर्शों वाले शासक भी थे। उन्होंने सभी धर्मों की आस्था का सम्मान किया और महिलाओं के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। माता जीजाबाई के संस्कारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिवाजी का चरित्र मर्यादा, नैतिकता और सम्मानजनक आचरण का संदेश देता है।

See also  जनगणना-2027 राष्ट्र निर्माण की आधारशिला, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए सटीकता के निर्देश

उन्होंने अपने छात्र जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए महाकवि भूषण की पंक्तियों का उल्लेख किया, जिनमें शिवाजी के पराक्रम और वीरता का वर्णन मिलता है। उन्होंने कहा कि शिवाजी का जीवन इतिहास ही नहीं, बल्कि हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

राजधानी रायपुर में प्रारंभ हुआ ऐतिहासिक महानाट्य ‘जाणता राजा’ 22 फरवरी तक प्रतिदिन शाम साइंस कॉलेज मैदान में प्रस्तुत किया जाएगा। लगभग तीन घंटे की यह भव्य प्रस्तुति शिवाजी महाराज के जीवन और हिंदवी स्वराज्य की स्थापना की गाथा पर आधारित है। विशाल मंच सज्जा, सजीव दृश्य और तकनीकी प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को ऐतिहासिक काल का जीवंत अनुभव कराया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के तत्वाधान में आयोजित इस महानाट्य के लिए महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में ऑडिशन आयोजित किए गए थे, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के लगभग 40 स्थानीय कलाकारों का चयन हुआ। चयनित कलाकारों ने निर्देशक योगेश शिरोले के मार्गदर्शन में अभ्यास किया। स्थानीय कलाकारों में प्रांजल बक्षी, वर्तिका क्षीरसागर, कृति लाड, आकांक्षा और आस्था काले सहित अन्य प्रतिभागियों ने प्रस्तुति दी।

See also  रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा का शुभारंभ

मंचन के दौरान घोड़ों के साथ सैनिकों की टुकड़ी आकर्षण का केंद्र रही, वहीं ऊंटों को भी प्रस्तुति में शामिल किया गया। पुणे से आए तकनीकी विशेषज्ञ कौशिक नाईक और वैभव जोशी मंच सज्जा व प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पारंपरिक प्रस्तुतियों में कोली गीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक आयामों ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, महानाट्य ‘जाणता राजा’ के अजीत राव आप्टे सहित महाराष्ट्र मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।