futuredखबर राज्यों सेताजा खबरें

सीएम योगी के समर्थन में जीएसटी डिप्टी कमिश्नर का इस्तीफा, संत के बयान से आहत होने का दावा

अयोध्या में तैनात जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश की। उन्होंने यह कदम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में उठाया है।

मीडिया से बातचीत में सिंह ने कहा कि बीते कुछ दिनों से वह मानसिक रूप से काफी व्यथित थे और लगातार दो रातों तक सो नहीं पाए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणियों से उन्हें गहरी ठेस पहुंची, जिसके बाद उन्होंने यह निर्णय लिया। सिंह ने स्पष्ट किया कि उनका इस्तीफा सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में प्रयागराज जैसी पवित्र भूमि से जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने के प्रयास किए जा रहे हैं, जो उन्हें बेहद पीड़ादायक लगे। एक जिम्मेदार सरकारी अधिकारी होने के नाते वह ऐसी परिस्थितियों में चुप नहीं रह सकते थे।

See also  प्रयोगशाला परिचारक भर्ती 2023: अंतिम परिणाम जारी, 430 अभ्यर्थियों का चयन

प्रशांत कुमार सिंह ने यह भी कहा कि सेवा नियमों के तहत रहते हुए उनकी अभिव्यक्ति की सीमाएं हैं, लेकिन अंतःकरण की आवाज़ को नजरअंदाज करना उनके लिए संभव नहीं था। उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को भेज दिए जाने की जानकारी दी।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री को अनुशासनहीनता और सेवा नियमों के उल्लंघन के आरोप में निलंबित कर दिया गया था। अग्निहोत्री ने सार्वजनिक रूप से इस्तीफे की घोषणा करते हुए यूजीसी के नए नियमों और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के साथ कथित दुर्व्यवहार का विरोध किया था।

इस पूरे घटनाक्रम ने प्रदेश की प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है।