छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का भव्य शुभारंभ, 25 सप्ताह तक होगा जनभागीदारी और सांस्कृतिक उत्सव
रायपुर, 15 अगस्त 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित मुक्ताकाशी मंच से छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। यह महोत्सव 15 अगस्त 2025 से शुरू होकर आगामी 6 फरवरी 2026 तक पूरे 25 सप्ताह तक प्रदेश में हर्षोल्लास और जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह महोत्सव केवल शासकीय आयोजन न होकर प्रदेशवासियों का महोत्सव है, जिसमें हर वर्ग, हर समाज और हर उम्र के लोगों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने जन सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के सपने व दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे तो मंज़िल ज़रूर मिलेगी।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि अटल जी के प्रयासों से ही छत्तीसगढ़ राज्य का गठन संभव हुआ। पिछले 25 वर्षों में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है और अब लक्ष्य वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि रजत महोत्सव के दौरान ‘बस्तर ओलंपिक’ और ‘बस्तर पंडुम’ जैसे पारंपरिक आयोजन होंगे, जो स्थानीय खेलों और लोक-संस्कृति को नई ऊर्जा देंगे। उन्होंने कहा कि राज्य गठन से पहले किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिलता था, लेकिन अब धान 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक खरीदा जा रहा है। पिछले दो वर्षों में किसानों के खातों में एक लाख करोड़ रुपए से अधिक राशि सीधे स्थानांतरित की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के बाद आईआईटी, आईआईएम, आईआईआईटी और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसी प्रतिष्ठित संस्थाएं स्थापित हुईं। राज्य की जीएसडीपी 21 हज़ार करोड़ रुपए से बढ़कर 5 लाख करोड़ रुपए तक पहुंची है, जिसे अगले पाँच वर्षों में 10 लाख करोड़ रुपए तक ले जाने का लक्ष्य है। फार्मा, सेमीकंडक्टर, टेक्सटाइल जैसे नये युग के उद्योगों में नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद अब तक 6 लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश आकर्षित किया गया है।
25 सप्ताह तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन
महोत्सव के दौरान विभिन्न विभागों, सामाजिक, व्यावसायिक और सांस्कृतिक संगठनों की सहभागिता से 25 सप्ताह तक विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री ने जनता से इसमें उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।
विशेषांक, लोगो और वेब पोर्टल का लोकार्पण
शुभारंभ कार्यक्रम में रजत महोत्सव विशेषांक पुस्तक का विमोचन, लोगो और वेब पोर्टल का अनावरण किया गया।
संस्कृति विभाग के सचिव रोहित यादव ने कहा कि यह अवसर हमारे इतिहास को दोबारा जीने और अपनी संस्कृति पर गर्व करने का है। उन्होंने गरीबों, युवाओं, आम नागरिकों और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि सभी विभागों को एक-एक सप्ताह का समय आबंटित किया गया है, जिसके दौरान विभागीय गतिविधियां ग्राम स्तर तक आयोजित कर जनता को शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, गुरु खुशवंत साहेब, पुरंदर मिश्रा, राज्य खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, केशकला बोर्ड की अध्यक्ष मोना सेन, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष रायपुर नवीन अग्रवाल, संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य, कलेक्टर गौरव कुमार, संस्कृति विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक तथा स्कूली छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।