futuredछत्तीसगढ

छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य 2026 तक: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर, 19 सितंबर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को सुदर्शन चैनल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में साक्षात्कार के दौरान कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को समाप्त करना, लोगों का विश्वास जीतना और विकास की दिशा में आगे बढ़ना सरकार के प्रमुख उद्देश्यों में से एक है। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य को धरातल पर उतारने के लिए नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से लोगों के जीवन स्तर को उन्नत बनाने का कार्य किया जा रहा है। अब तक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के अनेक गांव पुनः आबाद हो चुके हैं और आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को रोजगार से जोड़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलियों की गतिविधियों से निर्दोष लोगों की मौत हो रही थी, ऐसे में आम लोगों की रक्षा करना सरकार का दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने नक्सलवाद को 31 मार्च 2026 तक समाप्त करने का लक्ष्य रखा है। सरकार बनने के बाद ज्वाइंट टास्क फोर्स का गठन कर नक्सलवाद को समाप्त करने का प्रयास लगातार जारी है।

See also  जनजातीय संस्कृति और स्वत्व के प्रहरी कार्तिक उरांव

बस्तर में विकास की धारा

मुख्यमंत्री ने बताया कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बस्तर के लोगों को मिल रहा है। वनांचल में तेंदूपत्ता खरीदी का कार्य सहकारी समितियों के माध्यम से किया जा रहा है। नक्सलवादी विचारधारा से लोगों को बाहर निकालकर विकास की धारा में जोड़ने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम का आयोजन किया गया। बस्तर ओलंपिक में 1 लाख 65 हजार लोग शामिल हुए, जिससे यह साबित हुआ कि बस्तरवासी विकास की राह पर आगे बढ़ना चाहते हैं।

विदेश यात्रा और निवेश की संभावनाएँ

मुख्यमंत्री ने अपनी हाल की विदेश यात्रा को अत्यंत सफल बताया। उन्होंने कहा कि जापान में 24 से 31 अगस्त तक छत्तीसगढ़ पवेलियन के माध्यम से राज्य की कला, संस्कृति और संभावनाओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। इस दौरान प्रदेश में उद्योग स्थापित करने के लिए निवेशकों को आमंत्रित किया गया और उन्हें नई उद्योग नीति से अवगत कराया गया, जिसमें रोजगार सृजन को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

See also  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फरसाबहार क्षेत्र में 40 करोड़ से अधिक के 13 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योग की अपार संभावनाएँ हैं। यहाँ प्रचुर प्राकृतिक संपदा उपलब्ध है। आयुर्वेद और हर्बल उत्पादों के क्षेत्र में भी यहाँ विशाल अवसर हैं क्योंकि राज्य का लगभग 44 प्रतिशत हिस्सा वनों से आच्छादित है। दूरस्थ वनांचलों में स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विकास हुआ है। वर्तमान में प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, एनआईटी, आईआईएम और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी सहित कई उच्च शिक्षण संस्थानों की स्थापना हो चुकी है।

गौवंश की सुरक्षा और गोचर भूमि

मुख्यमंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि गायों को लावारिस न छोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि लावारिस पशुओं के कारण सड़क दुर्घटनाएँ हो रही हैं। गौवंश की रक्षा करना हम सबका दायित्व है। प्रदेश में गोचर भूमि पर अवैध कब्जों को हटाने के लिए सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है।

अंजोर विजन-2047: विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है। यह संकल्प सबकी सहभागिता से ही पूरा होगा। इसे साकार करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि विकसित भारत के संकल्प के साथ ही अंजोर विजन-2047 (छत्तीसगढ़ विजन) डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से राज्य के सर्वांगीण विकास के प्रयास किए जा रहे हैं।

See also  बस्तर में पुनर्वास की रोशनी से मिट रहा भय का अंधकार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि सभी को मिलकर विकसित छत्तीसगढ़ बनाने में सहयोग करना चाहिए।