futuredछत्तीसगढ

“जो कहा था, वह किया, जो नहीं कहा था, वह भी करके दिखाया”: केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा

रायपुर, 22 दिसंबर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले के खोखराभाठा पुलिस लाइन मैदान में भव्य जनादेश परब का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा रहे। वंदे मातरम और राज्यगीत के साथ आरंभ हुए इस आयोजन में जनविश्वास, सुशासन और भविष्य-निर्माण के संकल्प को दोहराया गया।

केंद्रीय मंत्री नड्डा ने मंच से राज्य सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों का विस्तृत रिपोर्ट-कार्ड प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह सरकार कथनी और करनी की कसौटी पर खरी उतरी है। उन्होंने कहा, “जो कहा था, वह किया और जो नहीं कहा था, वह भी करके दिखाया।”
उन्होंने बताया कि सरकार गठन के पहले महीने में ही किसानों को 3700 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया, जबकि बीते दो वर्षों में कुल 1.25 लाख करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण अन्नदाताओं को मिला। भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए 5 लाख से अधिक हितग्राहियों को 10-10 हजार रुपये की सहायता देकर उनकी सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा को मजबूत किया गया।

See also  भारतीय इतिहास का सबसे करुण और गौरवपूर्ण अध्याय : धर्म के लिए बलिदान का सप्ताह

युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती व्यवस्था, 32 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया, लोक सेवा आयोग में पारदर्शिता, नालंदा लाइब्रेरी की स्थापना और आईटीआई के आधुनिकीकरण को नड्डा ने “भविष्य निर्माण की ठोस नींव” बताया।
महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु महतारी वंदन योजना, महतारी सदन, पीएम जनमन के अंतर्गत 70 लाख परिवारों को लाभ तथा धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष योजना के माध्यम से आदिवासी समाज के सशक्तिकरण को उन्होंने सरकार की संवेदनशीलता का उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का रेलवे बजट 22 गुना बढ़ा है, 32 अमृत स्टेशन विश्वस्तरीय मानकों पर विकसित हो रहे हैं और आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, जल जीवन मिशन तथा पीएम-किसान जैसी योजनाओं का लाभ व्यापक स्तर पर आम जनता तक पहुंचा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि सरकार जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन, भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना और चरण पादुका जैसी योजनाओं से विकास को गति मिली है।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के उन्मूलन की दिशा में ठोस प्रगति हुई है और सुरक्षा, पुनर्वास तथा विकास के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ शांति और समृद्धि की ओर बढ़ रहा है। विजन डॉक्यूमेंट 2047 के माध्यम से संसाधन-संपन्न और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का रोडमैप तय किया गया है।

See also  अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी श्रद्धांजलि, सुशासन को बताया स्थायी प्रेरणा

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जनादेश परब को जांजगीर-चांपा जिले के लिए ऐतिहासिक बताया, जबकि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार बनने के बाद 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं और विकास कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं।

वित्त मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि सरकार ने लोकतंत्र, जनविश्वास और सुशासन को सुदृढ़ किया है। जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि दो वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री नड्डा और मुख्यमंत्री साय ने सरकार के दो वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित रिपोर्ट-कार्ड और “सेवा के 2 साल” पुस्तक का विमोचन किया। अतिथियों का पारंपरिक स्वागत कोसा और कांसा भेंटकर किया गया।
दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित वीडियो का प्रदर्शन हुआ और विभिन्न विभागों की विकासमूलक प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, शिक्षा, महिला-बाल विकास, जल संसाधन, ऊर्जा और सहकारिता विभागों के स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी ली गई। पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को चाबियां भी सौंपी गईं।

See also  महामना पंडित मदनमोहन मालवीय: राष्ट्र, संस्कृति और शिक्षा के महान साधक

कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने संबोधन किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, दयालदास बघेल, केदार कश्यप, लखन लाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, लक्ष्मी राजवाड़े, टंकराम वर्मा, गजेन्द्र यादव, राजेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।