futuredछत्तीसगढ

महतारी गौरव वर्ष 2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शासकीय कैलेंडर का विमोचन किया

रायपुर, 28 दिसंबर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में शासकीय कैलेंडर 2026 का विमोचन किया। वर्ष 2026 को राज्य सरकार द्वारा ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है और इसी भावभूमि पर आधारित यह कैलेंडर सशक्त एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के संकल्प को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करता है।

कैलेंडर के मुख्य पृष्ठ पर छत्तीसगढ़ के पाँच प्रमुख शक्तिपीठों — मां बमलेश्वरी, मां महामाया, मां दंतेश्वरी, मां चंद्रहासिनी और मां कुदरगढ़ी के पावन धामों को प्रमुखता दी गई है। इसके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के छायाचित्र भी सम्मिलित हैं।

कैलेंडर की पृष्ठभूमि में सिरपुर और राजिम के मंदिर, आदिवासी संस्कृति के प्रतीक, मधेश्वर पहाड़ तथा चित्रकोट जलप्रपात के आकर्षक ग्राफिकल प्रतिरूप शामिल किए गए हैं, जो राज्य की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को रेखांकित करते हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार के लिए मातृशक्ति का सम्मान और सशक्तिकरण सर्वोच्च प्राथमिकता है। महतारी गौरव वर्ष महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन को समर्पित है। इसी भावना के साथ तैयार किया गया यह शासकीय कैलेंडर महिला सशक्तिकरण, राज्य की प्राथमिकताओं और उपलब्धियों का सशक्त प्रतीक है। इसमें जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों को समाहित किया गया है, जो सशक्त एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।

See also  लोकमित्र समूह का प्रथम आयोजन ‘ग़ालिब हमारे’: रायपुर में साहित्य, संगीत और काव्य का सजीव संगम

कैलेंडर के विभिन्न मासिक पृष्ठों में विषयानुसार योजनाओं और अभियानों को दर्शाया गया है। जनवरी माह में राज्य के प्रमुख शक्तिपीठों के दर्शन, फरवरी में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान, मार्च में महतारी वंदन योजना, अप्रैल में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मई में तेंदूपत्ता संग्रहण एवं चरण पादुका योजना तथा जून में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान को स्थान दिया गया है। जुलाई माह में महिला मुखिया के नाम से पीडीएस राशनकार्ड की व्यवस्था, अगस्त में रक्षाबंधन उत्सव, सितंबर में दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना, अक्टूबर में शौर्य का सम्मान, नवंबर में “सेवा ही संकल्प” और दिसंबर माह में महिला सशक्तिकरण को प्रतीकात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है।

विमोचन अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, जनसंपर्क सचिव रोहित यादव, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत तथा आयुक्त जनसंपर्क रवि मित्तल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।